मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना | 02 Dec 2021

चर्चा में क्यों?

1 दिसंबर, 2021 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में एम्पैनल्ड अस्पतालों की संख्या में वृद्धि के अनुरूप चिरंजीवी मित्रों की संख्या में बढ़ोतरी करने तथा उनकी सेवाएँ 31 मार्च, 2022 तक लिये जाने को स्वीकृति दी है। 

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने चिरंजीवी मित्रों को उनके कार्यों में संचार माध्यम की आवश्यकता को देखते हुए मोबाइल चार्ज के रूप में प्रतिमाह 500 रुपए दिये जाने का भी निर्णय लिया है। 
  • उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत एम्पैनल्ड निजी चिकित्सालयों में रोगियों एवं उनके परिजनों की सहायता के लिये हेल्प डेस्क स्थापित हैं। इन हेल्प डेस्क में कोविड सहायकों की सेवाएँ चिरंजीवी मित्र के रूप में ली जा रही हैं।
  • चिरंजीवी मित्र एम्पैनल्ड अस्पतालों में योजना की जानकारी एवं मार्गदर्शन देने के साथ ही अस्पताल में उपचार से संबंधित आवश्यक पैकेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में अन्य संबद्ध अस्पताल के लिये रेफर कराने में रोगियों एवं उनके परिजनों की सहायता करते हैं।
  • मई 2021 तक इस योजना से प्रदेश में 340 निजी अस्पताल पंजीकृत थे। अब यह संख्या बढ़कर 534 हो गई है।
  • भविष्य में भी इस योजना से जुड़ने वाले निजी चिकित्सालयों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्धारित मापदंडों के अनुरूप 100 बेड से कम वाले अस्पतालों में एक तथा इससे बड़े अस्पतालों में दो कोविड सहायकों की सेवाएँ चिरंजीवी मित्र के रूप में 31 मार्च, 2022 तक लिये जाने को सहमति दी है।