प्रशांति मेडिकल सर्विस एंड रिसर्च फाउंडेशन और राज्य सरकार के मध्य हुआ एम.ओ.यू. | 09 Aug 2023

चर्चा में क्यों? 

8 अगस्त, 2023 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में निवास कार्यालय समत्व में प्रशांति मेडिकल सर्विस एंड रिसर्च फाउंडेशन और राज्य शासन की ओर से लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मध्य एम.ओ.यू हुआ।

प्रमुख बिंदु 

  • बच्चों में जन्मजात हृदय विकार का उपचार माता-पिता सरलता से करा सकें और विशेषज्ञ सेवाएँ उपलब्ध हों, इसी उद्देश्य से प्रशांति मेडिकल सर्विस एंड रिसर्च फाउंडेशन के साथ राज्य सरकार का एम.ओ.यू. किया गया है।  
  • इस एम.ओ.यू. के अंतर्गत प्रशांति मेडिकल सर्विस एंड रिसर्च फाउंडेशन द्वारा बाल्यकालीन हृदय रोग से प्रभावित बच्चों का श्री सत्य साई हार्ट अस्पताल अहमदाबाद में नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा।  
  • इसके अंतर्गत अहमदाबाद में स्थापित चिकित्सालय में एक हज़ार बच्चों का इलाज पूर्णत: नि:शुल्क कराया जाएगा, आने-जाने का व्यय राज्य सरकार वहन करेगी। 
  • उल्लेखनीय है कि एक हज़ार जीवित बच्चों में से लगभग 9 बच्चों में जन्मजात हृदय विकार की समस्या रहती है, जिसके उपचार पर एक लाख से पाँच लाख रुपए तक का व्यय आता है। अत: गरीब और निम्न मध्यम वर्गीय परिवारों के लिये यह इलाज कठिन हो जाता है। रोग की समय पर पहचान तथा सही उपचार मिलने पर बच्चे अपना सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में मुख्यमंत्री द्वारा बाल हृदय उपचार योजना संचालित करने का निर्णय लिया गया।  
  • इस योजना में नारायणा हृदयालय मुंबई, चिरायु अस्पताल भोपाल, अरविंदो अस्पताल इंदौर में बच्चों के उपचार की व्यवस्था की गई। 
  • विदित है कि राज्य सरकार ने वर्ष 2019 में प्रशांति मेडिकल सर्विस एंड रिसर्च फाउंडेशन के साथ दो वर्ष के लिये अनुबंध किया और कुल 117 बच्चों को नि:शुल्क उपचार प्रदान किया गया। अब पुन: एम.ओ.यू. किया गया है।