स्विट्जरलैंड की तर्ज पर लखनऊ में बनेगी आधुनिक गौशाला | 21 Dec 2023

चर्चा में क्यों

20 दिसंबर, 2023 को लखनऊ के महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उत्तरधौना गांव में स्विट्जरलैंड की तर्ज पर एक नई गोशाला बनाई जाएगी।

प्रमुख बिंदु

  • विदित हो कि लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इसका प्रस्ताव पास किया गया। वहीं नगर निगम की शूटिंग रेंज को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने समेत 13 प्रस्ताव पास हुए।
  • उत्तर प्रदेश सरकार की गो पर्यटन नीति के तहत 10 हेक्टेयर जमीन पर इसका विकास किया जाएगा। इसपर 32.63 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस गोशाला का नाम ‘मनोरथा’ गोशाला होगा। यहां पर करीब दो हज़ार गायें रखी जा सकेंगी।
  • इस गोशाला में गायों को बांधकर नहीं रखा जाएगा। ज्यादा से ज्यादा खुला क्षेत्र रहेगा, जिसमें वे टहल-टहलकर चर सकेंगी। गोशाला में दुधारू गायें ही रखी जाएंगी। गोशाला में भारतीय संस्कृति की झलक दिखेगी।
  • गायों को गोशाला में प्राकृतिक माहौल दिया जाएगा। पूरा मैदान कच्चा रहेगा। वहीं उनके चरने के लिए खेत होगा। इससे गायें जो गोबर करेंगी, उसको उठाने की भी जरूरत नहीं होगी। गोबर उसी मैदान में सूखकर खाद बन जाएगा।
  • गोशाला को इस तरह से विकसित किया जाएगा ताकि यह पर्यटन का भी केंद्र बने। इसके लिए गाय संग्रहालय एवं गोदान स्थल बनाया जाएगा। अन्नपूर्णा भोजनालय, पाथवे, पार्किंग, लैंडस्केपिंग की व्यवस्था की जाएगी। कर्मचारी आवास, पशु चिकित्सालय और सीवरेज-ड्रेनेज का भी काम कराया जाएगा।