माटी पूजन महाभियान | 04 May 2022

चर्चा में क्यों? 

3 मई, 2022 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की माटी पूजन की परंपरा के अनुसार छत्तीसगढ़िया किसान की पारंपरिक वेश-भूषा में धोती-कुर्ता पहनकर माटी पूजन किया और धान बुवाई की रस्म अदा कर छत्तीसगढ़ में माटी पूजन महाभियान का शुभारंभ किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में अक्ती तिहार (अक्षय तृतीया) एवं माटी पूजन दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस महाअभियान का शुभारंभ किया। 
  • मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी संभाग में यांत्रिकी स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने की घोषणा भी की। 
  • उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर भवन का लोकार्पण किया। 
  • मुख्यमंत्री ने सटीक मौसम पूर्वानुमान के लिये डॉप्लर तकनीक का शिलान्यास तथा कृषि विश्वविद्यालय की ओर से विकसित किये गए कृषि रोज़गार मोबाइल एप्लिकेशन का लोकार्पण भी किया। 
  • मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया, साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत बीज किट, कृषि यंत्र और अनुदान राशि का चेक भी प्रदान किया गया।