अमरकंटक ताप विद्युत गृह एक कैलेंडर वर्ष में दूसरी बार बना शतकवीर | 07 Dec 2023

चर्चा में क्यों?

5 दिसंबर, 2023 को मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई की 210 मेगावाट स्थापित क्षमता की यूनिट ने 100 दिन सतत् उत्पादन करने का रिकॉर्ड बनाया। यह यूनिट इस वर्ष 27 अगस्त से लगातार विद्युत उत्पादन कर रही है।

प्रमुख बिंदु

  • इस यूनिट ने इससे पूर्व इस वर्ष 10 मई को भी 100 दिन सतत् विद्युत उत्पादन करने की उपलब्धि हासिल की थी। एक कैलेंडर एवं वित्तीय वर्ष में 210 मेगावाट की यूनिट ने दूसरी बार 100 दिन लगातार विद्युत उत्पादन करने का रिकॉर्ड बनाया है।
  • इस यूनिट ने जब 5 दिसंबर को दूसरी बार 100 सतत् विद्युत उत्पादन करने का कीर्तिमान अर्जित किया, तब इसने विभिन्न मापदंडों में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। यूनिट ने 100.7 फीसदी पीएएफ, 99.14 फीसदी पीएलएफ एवं 9.14 फीसदी ऑक्जलरी खपत की उपलब्धि हासिल की। यह यूनिट वर्तमान में भी सतत् विद्युत उत्पादन कर रही है।
  • पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने बताया कि कंपनी के थर्मल पॉवर प्लांट की वर्तमान में संचालित 12 इकाईयों में से यह ऐसी 9वीं यूनिट है, जिसे वर्तमान वित्तीय वर्ष में 100 से अधिक दिनों से सतत् संचालित किया जा रहा है।