मंत्र (MaNTrA) ट्रैकिंग ऐप | 06 Dec 2021

चर्चा में क्यों?

5 दिसंबर, 2021 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर 5000 नवीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों, 15 बीएसएल-2 प्रयोगशालाओं तथा माँ-नवजात ट्रैकिंग ऐप (मंत्र) 'MaNTrA' का लोकार्पण किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर उन्होंने मातृ स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाओं में उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने वाली एएनएम को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें विभिन्न जनपदों में कार्यरत एएनएम शामिल हैं।
  • इन 5000 नवीन उनकेंद्रों, 15 बीएसएल-2 प्रयोगशालाओं तथा माँ-नवजात ट्रैकिंग ऐप 'MaNTrA' के लोकार्पण से नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
  • यह स्वास्थ्य उपकेंद्र स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों और पिछड़े जनपदों में जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे।
  • एक स्वास्थ्य उपकेंद्र 5,000 की आबादी को सुविधा प्रदान करने के लिये स्थापित किया जाता है। ये उपकेंद्र महत्त्वाकांक्षी एवं अन्य पिछड़े जनपदों में काफी बड़ी संख्या में स्थापित किये जा रहे हैं।
  • इन 5,000 स्वास्थ्य उपकेंद्रों से एक वर्ष में ढाई से तीन करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
  • इन उपकेंद्रों से महिलाओं और बच्चों के साथ ही, अन्य आयु वर्ग के लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधाएं घर के निकट प्राप्त हो सकेंगी। बच्चों के टीकाकरण में इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों की विशेष भूमिका होगी।
  • 15 जनपदों में बीएसएल लैब के लोकार्पण के बाद प्रदेश के सभी 75 जनपदों में आरटीपीसीआर जाँच सुविधा संपन्न लैब क्रियाशील हो जाएंगी, जो कि वायरस से होने वाली बीमारियों की जाँच सुविधा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रदेश में प्रतिदिन 4 लाख जाँच की क्षमता विकसित की जा चुकी है।