मनेरी डैम | 13 May 2022

चर्चा में क्यों? 

11 मई, 2022 को भागीरथी नदी का जलस्तर बढ़ने बढ़ने के कारण वैकल्पिक मार्ग बह जाने से मनेरी डैम के पास एक टापू पर 7 मज़दूर फंस गए हैं, जिन्हें निकालने के लिये रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। 

प्रमुख बिंदु 

  • मनेरी बाँध उत्तरकाशी ज़िले में भागीरथी नदी पर स्थित एक कंक्रीट ग्रेविटी बाँध है। बाँध का प्राथमिक उद्देश्य पानी को डाइवर्ट कर 90 मेगावाट के रन-ऑफ-द-रिवर तिलोथ पावर प्लांट को पानी उपलब्ध कराना है।  
  • गौरतलब है कि भागीरथी नदी गंगा की दो शीर्ष धाराओं में से एक है, जिसकी उत्पत्ति गंगोत्री ग्लेशियर के गोमुख से होती है।  
  • यह नदी देवप्रयाग में अलकनंदा से मिलकर गंगा के रूप में प्रवाहित होती है। 
  • राज्य सरकार के आँकड़ों के अनुसार भागीरथी नदी पर 1,743 मेगावाट की क्षमता वाली 16 जलविद्युत परियोजनाएँ विकास के विभिन्न चरणों में हैं। टिहरी परियोजना इस पर अवस्थित महत्त्वपूर्ण जलविद्युत परियोजना (HEP) है।