केदारनाथ की तर्ज पर महासू देवता व जागेश्वर मंदिर का बनेगा मास्टर प्लान | 05 Dec 2022

चर्चा में क्यों?

4 दिसंबर, 2022 को उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की तर्ज पर अब हनोल स्थित महासू देवता और अल्मोड़ा स्थित जागेश्वर मंदिर के विकास के लिये मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जारी बयान में कहा कि केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान पर काम चल रहा है। केदारनाथ व बदरीनाथ में हर साल आने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
  • गौरतलब है कि देहरादून जिले में हनोल स्थित महासू देवता और अल्मोड़ा के जागेश्वर मंदिर में लोगों की अटूट आस्था है। यहाँ देश के कई राज्यों से भी लोग दर्शन के लिये आते हैं।
  • पर्यटन मंत्री ने कहा कि केदारनाथ व बदरीनाथ धाम के मास्टर प्लान में आईएनआई एजेंसी की सेवाएँ ली गई थी। महासू और जागेश्वर मंदिर का मास्टर प्लान बनाने के लिये आईएनआई को सिंगल सोर्स के माध्यम से अनुमति देने की प्रक्रिया चल रही है। अनुमति मिलते ही इन दोनों मंदिरों का मास्टर प्लान के अनुसार विकास कार्य किये जाएंगे।
  • मास्टर प्लान बनने से दोनों ऐतिहासिक मंदिरों में यात्री सुविधाओं का सुनियोजित ढंग से विकास हो सकेगा।