मध्य प्रदेश पर्यटन को मिले तीन अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार | 06 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

  • हाल ही में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ग्रामीण पर्यटन परियोजना को लंदन में वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट (डब्ल्यूटीएम) वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म अवार्ड-2021 समारोह में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ‘सर्वश्रेष्ठ परियोजना’पुरस्कार सहित तीन पुरस्कार प्रदान किये गए। लंदन में इस समारोह का आयोजन एक से तीन नवंबर तक हुआ।

प्रमुख बिंदु

  • अंतर्राष्ट्रीय रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म केंद्र ने ‘सर्वश्रेष्ठ परियोजना’का यह पुरस्कार ‘कोविड उपरांत सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल विकास’की श्रेणी में प्रदान किया।
  • इसी श्रेणी में मध्य प्रदेश ग्रामीण पर्यटन को ज़ोनल स्तर पर ‘स्वर्ण पुरस्कार’भी दिया गया। एक अन्य श्रेणी ‘पर्यटन में विविधता’के क्षेत्र में मध्य प्रदेश की ‘महिलाओं के लिये सुरक्षित पर्यटन’परियोजना की परिकल्पना को श्रेष्ठ परियोजना की मान्यता का पुरस्कार दिया गया।
  • पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रबंध संचालक राज्य पर्यटन विकास निगम एस. विश्वनाथन और उप संचालक टूरिज़्म बोर्ड युवराज पडोले ने पुरस्कार प्राप्त किया।
  • वर्ल्ड रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म अवार्ड-2021 को प्रदान करने के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सभी देशों को चार ज़ोन में विभाजित कर भारत, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप तथा मिडिल ईस्ट में ज़ोनल स्तर पर ‘स्वर्ण पुरस्कार’प्रदान किये जाते हैं। ‘स्वर्ण पुरस्कार’प्राप्त परियोजनाओं में से सर्वश्रेष्ठ परियोजना का चयन कर ‘अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार’दिया जाता है, जो वर्ष 2021 के लिये मध्य प्रदेश ग्रामीण पर्यटन को दिया गया।
  • ग्रामीण पर्यटन परियोजना में प्रदेश में 100 गाँवों को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन गाँवों में समुदाय की भागीदारी से पर्यटन गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
  • ‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल’परियोजना में 50 चयनित पर्यटन स्थलों पर कार्यशील महिलाओं की संख्या में वृद्धि की जाएगी। महिला पर्यटकों के लिये अधो-संरचना विकास, स्थाघ्नीय हितधारकों की क्षमता वृद्धि, समुदाय आधारित संगठनों का निर्माण और महिलाओं के लिये आत्म-सुरक्षा प्रशिक्षण इत्यादि गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाएगा।
  • डब्ल्यूटीएम पर्यटन की विश्वस्तरीय संस्था है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म केंद्र एक महत्त्वपूर्ण भाग है। अंतर्राष्ट्रीय रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म केंद्र ने 2021 में छह श्रेणियों में अवार्ड की घोषणा की है।
  • प्रति वर्ष लंदन में आयोजित होने वाला वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट, लंदन (WTM London), पर्यटन के क्षेत्र का एक बड़ा कार्यकम है, जिसमें विश्व भर के टूर, ट्रैवल एवं टूरिज़्म के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाएँ भाग लेती हैं। यह विश्व में एक बड़ा मंच है, जिसमें पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को पहचान मिलती है, साथ ही बाज़ार एवं व्यवसाय को बढ़ाने के अवसर मिलते हैं।