देश में सर्वाधिक ब्रूसेल्ला टीकाकरण मध्य प्रदेश में | 07 Apr 2022

चर्चा में क्यों?

6 अप्रैल, 2022 को मध्य प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलाए गए ब्रूसेल्ला टीकाकरण कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पूरे देश में प्रथम स्थान पर है।

प्रमुख बिंदु

  • राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत प्रदेश में 1 जनवरी से 31 मार्च, 2022 तक ब्रूसेल्ला टीकाकरण कार्यक्रम चलाया गया। इसमें 4 से 8 माह की गो-भैंस वंशीय बछियों का टीकाकरण कराया गया। मध्य प्रदेश ने 17 लाख 41 हज़ार 970 टीकाकरण की जानकारी ईनॉफ पोर्टल पर दर्ज कराई है, जो राष्ट्र में सर्वाधिक है।
  • इसके अलावा प्रदेश में 2 करोड़ 76 लाख 63 हज़ार 968 गो-भैंस वंशीय पशुओं को यूआईडी टैग्स लगाए गए हैं। इनका पंजीकरण भी ईनॉफ पोर्टल पर किया गया है। यह संख्या भी देश में सर्वाधिक है।
  • उल्लेखनीय है कि देश में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सभी राज्यों में ब्रूसेल्ला टीकाकरण कार्यक्रम क्रियान्वित किया जा रहा है।
  • ब्रूसिलोसिस रोग गो-भैंस वंशीय पशुओं में प्रजनन संबंधी बीमारी है, जो ब्रूसिलोसिस एबॉर्टस जीवाणु के कारण होती है। रोग के लक्षणों में बुखार, गर्भावस्था के अंतिम चरण में गर्भपात, बाँझपन, हीट में देरी, लेक्टेशन में बाधा आदि से बछियों की हानि और दूध उत्पादन में कमी होती है।
  • 4 से 8 माह की गो-भैंस वंशीय बछियों का जीवनकाल में एक बार टीकाकरण कर उन्हें ब्रूसिलोसिस रोग से बचाया जा सकता है। यह रोग पशुओं से मनुष्यों में भी फैल जाता है। इस रोग के प्रभाव से पुरुष एवं स्त्रियों में प्रजनन संबंधी समस्या हो सकती है। इस रोग को किसी उपचार के अभाव में टीकाकरण द्वारा ही रोका जा सकता है।