मध्य प्रदेश पुलिस स्थापना दिवस समारोह | 18 Dec 2021

चर्चा में क्यों?

17 दिसंबर, 2021 को भोपाल स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मध्य प्रदेश पुलिस स्थापना दिवस समारोह मनाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में परेड के निरीक्षण एवं मार्च पास्ट के बाद उत्कृष्ट सेवा के लिये पुलिस अधिकारियों को पदक प्रदान किये। 

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा, ड्रग माफिया का पूरी तरह सफाया और साइबर क्राइम पर प्रभावी कार्यवाही मध्य प्रदेश पुलिस के सामने प्रमुख चुनौतियाँ हैं। मध्य प्रदेश पुलिस को जो भी दायित्व सौंपा गया है, वह पूरी दक्षता, दृढ़ता, कर्त्तव्यनिष्ठा और ज़िम्मेदारी से निभाया गया है। 
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि ने अदम्य साहस और कर्त्तव्यनिष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए स्थापना वर्ष 1956 से लेकर 2020 तक 877 पुलिस कर्मियों ने शहादत दी है। इन पुलिसकर्मियों ने प्रदेश की जनता को सुरक्षित रखने की महान परंपरा स्थापित की।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1956 से लेकर 26 जनवरी, 2021 तक 429 वीरता, 229 विशिष्ट सेवा और 1508 मेधावी पदक पुलिस के सदस्यों ने प्राप्त किये हैं। 
  • मुख्यमंत्री ने वीरता के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक अरविंद सक्सेना (अपर परिवहन आयुक्त), धर्मवीर सिंह (पुलिस अधीक्षक, सतना) को प्रदान किया। 
  • विशिष्ट सेवा के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक अनुराधा शंकर (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण), प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महिला अपराध), संतोष कुमार उपाध्याय (उप पुलिस अधीक्षक यातायात, इंदौर), भरत कुमार भावसार (सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक), राकेश मोहन दीक्षित (सेवानिवृत्त निरीक्षक), डॉ. फरीद बजमी (ग्रंथालय अधिकारी), नरेन्द्र कुमार गंगराड़े (निरीक्षक) और अजय तुरकई (निरीक्षक) को प्रदान किये।
  • मुख्यमंत्री ने सराहनीय सेवा के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक आर.आर.एस. परिहार (पुलिस उप महानिरीक्षक, जबलपुर), मोनिका शुक्ला (पुलिस अधीक्षक, विदिशा) तथा मनोज कुमार सिंह (सहायक पुलिस महानिरीक्षक, भोपाल) सहित 32 पुलिस अधिकारी व पुलिस कर्मियों को प्रदान किये।
  • मुख्यमंत्री ने जगदीश सिंह सिद्धू (निरीक्षक थाना कोतवाली रायसेन), गौरी शंकर व्यास (प्रधान आरक्षक (चालक), थाना खुरई सागर), राजेश कुमार राजपूत (आरक्षक थाना बरेली, रायसेन), पुष्पेंद्र सिंह रावत (आरक्षक डीआपी लाईन, रायसेन) को जीवन रक्षा पुलिस पदक प्रदान किये।
  • मुख्यमंत्री ने सम्मान स्वरूप 32 बोर पिस्टल पुरस्कार स्व. संजीव कुमार सिंह (भारतीय पुलिस सेवा सेवानिवृत्त विशेष पुलिस महानिदेशक) की धर्मपत्नी ज्योति सिंह को प्रदान किया।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश पुलिस गान का लोकार्पण भी किया।