मध्य प्रदेश बना एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवाएँ शुरू करने वाला पहला राज्य | 03 Nov 2025

चर्चा में क्यों?

राज्य के 70वें स्थापना दिवस (1 नवंबर, 2025) के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजा भोज हवाई अड्डा, भोपाल से ‘पीएम श्री एरियल टूरिज़्म हेलीकॉप्टर सेवा’ का शुभारंभ किया।
इस पहल के साथ, मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है जिसने अपने राज्यांतर्गत हवाई संपर्क (Intra-State Air Connectivity) कार्यक्रम के तहत एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवाएँ दोनों शुरू की हैं।

मुख्य बिंदु

  • इस पहल का उद्देश्य मध्य प्रदेश में हवाई यात्रा को केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि आस्था, आध्यात्मिकता, पर्यटन और सुविधा को एक साथ जोड़ने वाला एक अनुभवात्मक सफर बनाना है।
    यह राज्य के भीतर हवाई संपर्क (Intra-State Connectivity) को सुदृढ़ करने, पर्यटन को बढ़ावा देने, तथा ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में स्थानीय रोज़गार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखती है।
  • यह सेवा प्रारंभिक चरण में तीन प्रमुख पर्यटन मार्गों पर संचालित होगी:
    • इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर (आध्यात्मिक परिपथ)
    • भोपाल–मड़ई–पचमढ़ी (प्रकृति एवं विरासत परिपथ)
    • जबलपुर–बांधवगढ़–कान्हा (वन्यजीव एवं पारिस्थितिक पर्यटन परिपथ)
  • पर्यटन और आर्थिक प्रभाव:.
    • यह सेवा यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी लाएगी-  उदाहरण के लिये, भोपाल से पचमढ़ी की 5.5 घंटे की सड़क यात्रा अब केवल 45–50 मिनट में पूरी होगी।
    • इस पहल का लक्ष्य 2030 तक पर्यटकों की संख्या को दोगुना करना और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को ₹50,000 करोड़ तक विस्तारित करना है।