लक्ष्य सेन को मिलेगा राष्ट्रीय खेल पुरस्कार | 15 Nov 2022

चर्चा में क्यों?

14 नवंबर, 2022 को युवा कार्य और खेल मंत्रालय ने वर्ष 2022 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा की। खेल-कूद और गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये देश भर से 25 खिलाड़ी 2022 के अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करेंगे, जिनमें उत्तराखंड के अल्मोड़ा के लक्ष्य सेन भी शामिल हैं।

प्रमुख बिंदु 

  • पुरस्कार विजेता 30 नवंबर, 2022 को राष्ट्रपति भवन में एक विशेष रूप से आयोजित समारोह में भारत की राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त करेंगे।
  • 16 अगस्त, 2001 को अल्मोड़ा में जन्मे शटलर लक्ष्य सेन मूलरूप से ज़िले के सोमेश्वर के ग्राम रस्यारा निवासी हैं। इनके दादा जी सीएल सेन ने सिविल सर्विसेस में राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। वहीं कई खिताब अपने नाम किये, जबकि पिता डीके सेन भी वर्तमान में कोच हैं। पहले वह साई के कोच थे।
  • लक्ष्य ने ज़िला, राज्य के बाद राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक अपने नाम किये। इसके बाद उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पैठ जमाई। 10 वर्ष की उम्र में लक्ष्य ने इज़राइल में पहला अंतर्राष्ट्रीय खिताब स्वर्ण पदक के रूप में जीता था।
  • लक्ष्य ने 8 अगस्त, 2022 को बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में बैडमिंटन के पुरुष एकल में स्वर्ण पदक जीता था। फाइनल में उन्होंने मलेशिया के एंग जे योंग को 19-21, 21-9, 21-16 से हराया था। लक्ष्य पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता और वर्ष 2022 में जनवरी में इंडिया ओपन में सुपर 500 का खिताब जीत चुके हैं। 
  • लक्ष्य ने लिनिंग सिंगापुर यूथ इंटरनेशनल सीरीज़ में स्वर्ण, इज़राइल जूनियर इंटरनेशनल के डबल और सिंगल में स्वर्ण, इंडिया इंटरनेशनल सीरीज़ के सीनियर वर्ग में स्वर्ण, योनेक्स जर्मन जूनियर इंटरनेशनल में रजत, डच जूनियर में कांस्य, यूरेशिया बुल्गारियन ओपन में स्वर्ण, ऐशिया जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण, यूथ ओलंपिक में रजत, वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक समेत कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को पदक दिलाया है।
  • उल्लेखनीय है की खेलों में उत्कृष्टता को पहचानने और पुरस्कृत करने के लिये हर साल राष्ट्रीय खेल पुरस्कार दिये जाते हैं। पिछले चार वर्षों की अवधि में ‘खेल-कूद और गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन जैसी खूबियाँ दिखाने के लिये अर्जुन पुरस्कार’ दिया जाता है।