खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022-23 भोपाल में होंगे | 27 Dec 2021

चर्चा में क्यों? 

26 दिसंबर, 2021 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में वर्ष 2022-23 में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेज़बानी भोपाल शहर में किये जाने तथा खेलो इंडिया योजना के प्रथम चरण में ग्राम नाथू बरखेड़ा में 20.42 हेक्टेयर भूमि पर अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गई। 

प्रमुख बिंदु 

  • मध्य प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बताया कि ग्राम नाथू बरखेड़ा भोपाल में निर्मित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण एवं उपकरण पर लगभग 176.59 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।
  • यह कार्य तीन चरणों में किया जाएगा, जिसमें पहले चरण में भोपाल में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022-23 के आयोजन शामिल हैं। 
  • द्वितीय चरण में ग्राम नाथू बरखेड़ा भोपाल में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा तृतीय चरण में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
  • स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स लगभग 10 हज़ार लोगों की क्षमता वाले फुटबॉल स्टेडियम, 4 हज़ार क्षमता के दो हॉकी स्टेडियम, पार्किंग, इंटर्नल एवं सर्विस मार्ग, लैंडस्केपिंग, हॉर्टिकल्चर, सोलर पैनल, बाउंड्री वाल, गेट, गॉर्डरूम, सीवेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट आदि से लैस होगा।