उत्तराखंड में दो अक्टूबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ | 23 Sep 2022

चर्चा में क्यों?

22 सितंबर, 2022 को उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित सभागार में मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रदेश के 13 ज़िलों की 662 न्याय पंचायतों में दो अक्टूबर से खेल महाकुंभ शुरू होगा।

प्रमुख बिंदु 

  • खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस खेल महाकुंभ का शुभारंभ देहरादून की रायपुर न्याय पंचायत से उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) करेंगे।
  • दो अक्टूबर से शुरू होकर 25 जनवरी, 2023 तक चलने वाले खेल महाकुंभ में विभिन्न आयु वर्गों में प्रतियोगिताएँ होंगी। प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष, 14 से 17 वर्ष और 17 से 21 वर्ष आयु वर्ग में कोई भी खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकता है। न्याय पंचायत, ब्लॉक, ज़िला और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में दो लाख से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
  • प्रतियोगिता में पंजीकरण मुफ्त रखा गया है। पंजीकरण ग्राम पंचायतों, प्राथमिक विद्यालयों, जूनियर हाईस्कूल, माध्यमिक विद्यालय, इंटर कॉलेज, युवा कल्याण, खेल एवं शिक्षा विभाग के कार्यालयों में कराया जा सकता है।
  • खेल मंत्री ने बताया कि इस वर्ष पेंटाथलॉन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें 17 से 21 वर्ष आयु वर्ग के भारतीय सेना, अर्द्धसैनिक बल, पुलिस, होम गार्ड आदि के जवान भी प्रतिभाग कर सकेंगे। 1600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, क्रिकेट, बॉल थ्रो, चिनपअप विधाओं में राज्य के युवाओं को आकर्षित करने के लिये ज़िला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी।
  • इस वर्ष खेल महाकुंभ 2022 के तहत पारंपरिक खेलों, मुर्गा झपट, अडन्न्, गुल्ली-डंडा, रस्सा-कस्सी आदि को भी शामिल किया गया है।
    • न्याय पंचायत स्तर पर अंडर 14 और 17 वर्ष आयु वर्ग में कबड्डी, खो-खो, वालीबॉल, एथलेटिक्स खेल रखे गए हैं।
    • ब्लॉक स्तर पर अंडर 14, 17 और 21 आयु वर्ग में कबड्डी, खो खो, वालीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन और बालक वर्ग में फुटबॉल को रखा गया है।
    • ज़िला स्तर पर इसी आयु वर्ग में कबड्डी, खो-खो, वालीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बालक वर्ग में फुटबॉल, जूडो, बॉक्सिंग, टेबिल टेनिस, ताइक्वांडो, हैंडबॉल, बास्केटबॉल और कराटे को रखा गया है।
    • राज्य स्तर पर कबड्डी, खो-खो, वालीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बालक वर्ग में फुटबॉल, जुडो, बॉक्सिंग, टेबिल टेनिस, ताइक्वांडो, हैंडबाल, बास्केटबॉल, कराटे और हॉकी को रखा गया है।