केशकाल एडवेंचर फेस्टिवल का शुभारंभ | 18 Dec 2021

चर्चा में क्यों? 

17 दिसंबर, 2021 को छत्तीसगढ़ के कोंडागांव ज़िले के केशकाल में स्थित टाटामारी पर्यटन क्षेत्र में तीनदिवसीय केशकाल एडवेंचर फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। इस एडवेंचर फेस्टिवल में कर्नाटक, पश्चिम बंगाल सहित राज्य के कोने-कोने से आए ट्रैवल ब्लॉगर एवं पर्यटकों का आदिवासी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। 

प्रमुख बिंदु 

  • पर्यटकों को मांझिनगढ़ स्थित विभिन्न व्यू पॉइंट, झरने, गुफा, विलक्षण वनस्पतियाँ एवं प्रागैतिहासिक शैलचित्र दिखाए गए। प्रागैतिहासिक शैल चित्रों एवं आदिम जनजातीय संस्कृति की झलक को देखकर सैलानी अभिभूत हो गए। 
  • आगामी दो दिनों में इस फेस्टिवल में बस्तर की पुरानी राजधानी बड़ेडोंगर, प्राचीन भोंगापाल के बौद्ध विहारों, शिल्पग्राम, पारधी जनजातीय ग्राम का भ्रमण, जलप्रपात दर्शन तथा स्थानीय व्यंजनों के साथ एडवेंचर स्पोर्ट के रूप में रॉक क्लाइंबिंग, पैरामोटर, रैपेलिंग, जीपलाईन, कैंपिंग एवं ट्रैकिंग की व्यवस्था की गई है। 
  • इसके अतिरिक्त प्रत्येक शाम विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। 
  • इस फेस्टिवल के द्वारा ज़िला प्रशासन ज़िले में उपलब्ध पर्यटन की क्षमताओं का विकास कर पर्यटन मानचित्र में इसे पहचान दिलाने का प्रयास कर रहा है। 
  • केशकाल अपने प्राकृतिक संसाधनों, मनोरम जलप्रपातों एवं विशिष्ट जनजातीय संस्कृति के लिये समूचे प्रदेश के साथ-साथ देशभर में प्रसिद्ध है। 
  • उल्लेखनीय है कि केशकाल के टाटामारी में दो पहाड़ियों को जोड़कर एक काँच का पुल तैयार किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ में बनने वाला पहला काँच का पुल होगा।