दुमका में मयूराक्षी नदी पर झारखंड का सबसे लंबा पुल बनकर तैयार | 28 Apr 2023

चर्चा में क्यों?

26 अप्रैल, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार दुमका में मयूराक्षी नदी पर झारखंड का सबसे लंबा पुल बनकर तैयार हो गया है। 2340 मीटर लंबी इस पुल के निर्माण में 198 करोड़ से अधिक की राशि लगी है।

प्रमुख बिंदु

  • यह पुल दुमका सदर प्रखंड के कुमड़ाबाद को मसलिया के मकरमपुर को जोड़ते हुए सिंगरी-हरको पथ से जोड़ती है।
  • इस उच्चस्तरीय पुल के बन जाने से ज़िले की एक बड़ी आबादी दुमका शहर के 14-15 किलोमीटर नजदीक आ गई है। पुल बनने से पहले मकरमपुर से दुमका ज़िला मुख्यालय की दूरी 30 किलोमीटर से भी अधिक थी।
  • पहुँच पथ सहित 2.800 किलोमीटर लंबे इस पुल की चौड़ाई 16 मीटर हैं। हालाँकि बीच में सात स्पैन के बीच पुल को 30 मीटर चौड़ा किया गया है, जो सेल्फी प्वाइंट से लेकर पार्क़िग जोन भी साबित होगा।
  • विदित है कि मकरमपुर सहित कई गाँव ऐसे हैं, जो पहले दुमका शहर से सटे थे। मसानजोर डैम बनने के बाद बीच का इलाका डूब गया, तो मकरमपुर की आधी आबादी डैम के डूबक्षेत्र के उस पार रह गई थी। अब पुल बन जाने से ऐसे मसानजोर विस्थापित को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। कॉलेज आने-जाने में युवाओं को सहुलियत होगी, तो व्यापार-रोजी-रोज़गार भी समृद्ध होगा।