व्यापार मेला में फोकस स्टेट की श्रेणी में झारखंड पवेलियन को मिला स्वर्ण पदक | 29 Nov 2021

चर्चा में क्यों? 

27 नवंबर, 2021 को देश के सबसे बड़े व्यापार मेले ‘भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला’ के समापन अवसर पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने झारखंड पवेलियन को फोकस स्टेट श्रेणी में स्वर्ण पदक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।

प्रमुख बिंदु 

  • पदक और प्रशस्ति-पत्र झारखंड पवेलियन की तरफ से पवेलियन निदेशक राजेंद्र प्रसाद ने ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड उद्योग विभाग द्वारा लगाया गया यह मंडप झारखंड के विभिन्न विभागों और वहाँ के शिल्पकारों, कारीगरों एवं व्यवसायियों के लिये विश्व स्तर का पटल है। 
  • इस वर्ष पवेलियन में झारखंड ने लगभग 42 स्टॉल लगाए थे, जिन्हें झारखंड उद्योग विभाग ने पवेलियन में आने के लिये प्रशस्ति पत्र दिया।
  • इन स्टॉलों में झारखंड के खान एवं भूतत्त्व विज्ञान विभाग को प्रथम, वन पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन को द्वितीय तथा राँची स्मार्ट सिटी को तृतीय स्थान दिया गया। इस वर्ष झारखंड के स्टॉलों पर लगभग 20 रुपए लाख की बिक्री हुई।
  • उल्लेखनीय है कि दिल्ली के प्रगति मैदान में 14 से 27 नवंबर, 2021 तक 40वाँ अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला का आयोजन किया गया।
  • इस मेले का आयोजन प्रत्येक वर्ष 14 दिनों तक (14 नवंबर से 27 नवंबर तक) किया जाता है। शुरू के कुछ दिन व्यापारियों के लिये तथा बाकी दिनों के लिये आम लोगों हेतु खुला होता है। इस मेले में भारत के सभी राज्य हिस्सा लेते हैं तथा अपने-अपने राज्यों की प्रगति, संस्कृति, पर्यटन स्थल और व्यापार के बारे में जानकारी देते हैं।
  • भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला का पहली बार आयोजन 1979 में किया गया था। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला निर्माताओं, व्यापारियों, निर्यातकों और आयातकों के लिये एक साझा मंच प्रदान करता है। 
  • इस मेले का आयोजन भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार की व्यापार संवर्धन एजेंसी द्वारा प्रबंधित किया जाता है।