अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड ‘फोकस स्टेट’ | 10 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

9 नवंबर, 2021 को झारखंड राज्य उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आगामी भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) में झारखंड उत्तर प्रदेश के साथ ‘फोकस स्टेट’ होगा। इस मेले में बिहार एक ‘साझेदार राज्य’ की भूमिका निभाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि आईआईटीएफ एक वार्षिक कार्यक्रम है, जो पिछले साल कोविड-प्रेरित प्रतिबंधों के कारण आयोजित नहीं किया जा सका था। इस वर्ष यह 14 नवंबर से 27 नवंबर, 2021 तक राष्ट्रीय राजधानी के प्रगति मैदान में आयोजित किया जाएगा। 
  • यह इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइज़ेशन द्वारा आयोजित IITF का 40वाँ संस्करण होगा। 
  • राज्य उद्योग विभाग के सूत्रों के अनुसार, राज्य में विभिन्न व्यावसायिक अवसरों को प्रदर्शित करने के लिये इस अंतर्राष्ट्रीय मेले में झारखंड को कम-से-कम 35 स्टॉल आवंटित किये गए हैं। मेले में झारखंड के कुछ स्टॉल खनन, सूचना प्रौद्योगिकी, वन संरक्षण, पर्यटन और आदिवासी हस्तशिल्प पर केंद्रित होंगे। 
  • झारखंड सिल्क टेक्सटाइल एंड हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (झारक्राफ्ट) द्वारा खादी स्टॉल और अन्य स्टॉल भी लगाए जाएंगे। 
  • अधिकारियों ने बताया कि मेला झारखंड को वैश्विक प्रदर्शन हासिल करने और भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं में सुधार करने में मदद करेगा। मेले में झारखंड की संस्कृति, कला और औद्योगिक विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे राज्य को व्यापार के लिये वैश्विक मानचित्र में अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा।