‘जल महोत्सव’ को स्पेन में मिला भारत का अद्वितीय जल और साहसिक कार्निवल अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार | 22 Jan 2022

चर्चा में क्यों?

20 जनवरी, 2022 को मध्य प्रदेश के वार्षिक पर्यटन कार्यक्रम ‘जल महोत्सव’ को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्पेन के मेड्रिड में भारत के अद्वितीय जल और साहसिक कार्निवल के रूप में सम्मानित किया गया है। फितूर (FITUR) द्वारा ऐरेलिबर (AireLibre) पत्रिका के साथ आयोजित सक्रिय पर्यटन प्रतियोगिता के 26वें संस्करण में यह पुरस्कार दिया गया है। 

प्रमुख बिंदु

  • इस प्रतियोगिता का आयोजन पर्यटन उद्योग में विकास और विपणन को बढ़ावा देने के लिये किया गया था। यह साहसिक पर्यटन, संस्कृति, प्रकृति, खाद्य और पेय पदार्थ, प्रौद्योगिकी विकास और पर्यावरण में उत्पादों को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। 
  • प्रमुख सचिव पर्यटन और मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध निदेशक शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रदर्शित 100 उत्पादों में से मध्य प्रदेश पर्यटन के वार्षिक प्रचार कार्यक्रम ‘जल महोत्सव’को भारत के अद्वितीय जल और साहसिक कार्निवल के रूप में सम्मानित किया गया है। 
  • ‘जल महोत्सव’खेल और प्रकृति के प्रति उत्साही लोगों को आनंद एवं रोमांच की अनुभूति के लिये साहसिक गतिविधियों के अवसर प्रदान करता है। 
  • ‘जल महोत्सव’में साहसिक खेलों को ध्यान में रखते हुए अन्य उत्साहवर्धक गतिविधियाँ, जैसे- हॉट एयर बैलूनिंग, साइकिलिंग, क्रूज बोटिंग, वाटर पैरासेलिंग, पैरा मोटरिंग, आइलैंड केंपिंग, स्टार गेजिंग, बर्ड वॉचिंग आदि का भी आयोजन किया जाता है। 
  • उल्लेखनीय है कि जल महोत्सव को वर्ष 2017 में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा सबसे अनोखे/अद्वितीय नवीन पर्यटन उत्पाद के रूप में राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।