‘जागृति यात्रा’ साइकिल | 16 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

15 नवंबर, 2021 को हरियाणा के पुलिस महानिदेशक पी.के. अग्रवाल ने पुलिस मुख्यालय में राज्य भर में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के बारे में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिये हरियाणा पुलिस द्वारा शुरू की गई एक महीने की साइकिल रैली ‘जागृति यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रमुख बिंदु

  • हरियाणा डीजीपी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को, विशेष रूप से महिलाओं और लड़कियों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करके और महिलाओं की सुरक्षा में पुलिस सहित विभिन्न एजेंसियों की भूमिका के बारे में शिक्षित करके महिला सुरक्षा को बढ़ावा देना है। 
  • ‘जागृति यात्रा’ हरियाणा के सभी ज़िलों को कवर करेगी और साथ ही वहाँ इस रैली के आगमन पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। रैली में भाग लेने वाली महिला पुलिस साइकिल चालकों की टीम कार्यक्रम में मौजूद महिलाएँ व कॉलेज/स्कूल में पढ़ने वाली लड़कियों को अपराध की रोकथाम युक्तियों, महिला सशक्तीकरण के प्रति संवेदनशील व विभिन्न एजेंसियों की भूमिकाओं के बारे में बताएगी।
  • गौरतलब है कि पंचकुला की एसीपी ममता सोढ़ा के नेतृत्व में 16 महिला पुलिस साइकिल चालकों की टीम हरियाणा के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों को कवर करते हुए करीब 1194 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। पंचकूला से शुरू हुई ‘जागृति यात्रा’ 10 दिसंबर 2021 को पुलिस मुख्यालय में समापन समारोह के साथ समाप्त होगी।
  • जागृति यात्रा के ‘जागरूक नारी, शक्ति हमारी’ के नारे के साथ, हरियाणा पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और राज्य में मौजूद सहायता सुविधाओं के बारे में जागरूक करना है।