24 नवंबर से टिहरी झील में होगा अंतर्राष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल | 07 Nov 2023

चर्चा में क्यों? 

5 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के माध्यम से टिहरी झील में 24 से 28 नवंबर तक अंतर्राष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश दुनिया के पायलट हवा में करतब दिखाएंगे।  

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पर्यटन मानचित्र में टिहरी झील सबसे तेजी से उभरता हुआ नया स्थल है, जहाँ पहली बार अंतर्राष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल का आयोजन हो रहा है।  
  • एक्रो फेस्टिवल में रोमांचकारी प्रतिस्पर्धा करने के लिये 35 अंतर्राष्ट्रीय और 100 भारतीय पायलट भाग लेंगे।  
  • इस आयोजन में एक्रो फ्लाइंग, सिंक्रो फ्लाइंग, विंग सूट फ्लाइंग, डी-बैगिंग जैसे साहसिक प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन के दौरान यूफोरिया, पांडवास जैसे नामी बैंड भी शाम के समय अपनी प्रस्तुति देंगे। 
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डेस्टिनेशन उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाने और साहसिक पर्यटन में उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने के लिये राज्य सरकार काम कर रही है। इस दिशा में अंतर्राष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल नए आयाम स्थापित करेगा।