बुंदेलखंड में बनेगा नोएडा जैसा औद्योगिक शहर | 13 Sep 2023

चर्चा में क्यों?

  • 12 सितंबर, 2023 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में औद्योगिक विकास विभाग के नोएडा की तर्ज पर बुंदेलखंड में नया औद्योगिक शहर बनाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी गई है।

प्रमुख बिंदु

  • झाँसी-ग्वालियर मार्ग पर बनने वाली इस औद्योगिक टाउनशिप के लिये 33 राजस्व गाँवों की 35 हज़ार एकड़ ज़मीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस ज़मीन के अधिग्रहण में 6312 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
  • उत्तर प्रदेश में इससे पूर्व 1976 में औद्योगिक शहर नोएडा के गठन का निर्णय लिया गया था और अब 47 वर्षों बाद नए शहर की स्थापना का निर्णय लिया गया है।
  • वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि मुख्यमंत्री औद्योगिक क्षेत्र विस्तारीकरण व नए औद्योगिक क्षेत्र प्रोत्साहन योजना के तहत झाँसी में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) द्वारा इंडस्ट्रियल टाउनशिप को विकसित किये जाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।
  • औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के माध्यम से कुल 14 हज़ार हेक्टेयर ज़मीन पर औद्योगिक शहर विकसित करने की योजना है।
  • यह औद्योगिक शहर झाँसी ग्वालियर मार्ग पर प्रस्तावित है जो राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से देश के प्रमुख शहरों से भी जुड़ा होगा।
  • यह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) 27 से जालौन से गुजरने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से जुड़कर प्रदेश के अन्य शहरों से अच्छी तरह जुड़ेगा।