इंदौर के सिरपुर तालाब को मिला रामसर साइट का दर्जा | 04 Aug 2022

चर्चा में क्यों?

3 अगस्त, 2022 को केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा पाँच राज्यों के 10 जल-स्थलों को रामसर साइट का दर्जा दिया गया, जिसमें मध्य प्रदेश के इंदौर ज़िले का सिरपुर तालाब भी शामिल है।

प्रमुख बिंदु 

  • इसके साथ ही मध्य प्रदेश में अब तीन रामसर साइट हो गई हैं। 26 जुलाई, 2022 को शिवपुरी ज़िले की माधव राष्ट्रीय उद्यान में स्थित सांख्य सागर झील को रामसर साइट का दर्जा मिला था, जबकि भोपाल की बड़ी झील (बड़ा तालाब/भोज ताल) पहले से ही रामसर साइट घोषित है।
  • केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा नामित किये गए 10 नए रामसर साइट्स में तमिलनाडु के छह और गोवा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश तथा ओडिशा के एक-एक स्थल शामिल हैं। इनको मिलाकर भारत में अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व के रामसर साइट्स की संख्या 64 हो गई हैं। ये आर्द्रभूमियाँ स्थल देश में 12,50,361 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हैं।
  • इससे पहले 26 जुलाई, 2022 को केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने देश में पाँच स्थलों को रामसर साइट्स घोषित किया था। इनमें तमिलनाडु के तीन, मिजोरम में एक और मध्य प्रदेश में एक आर्द्रभूमि स्थल शामिल थे। इनको मिलाकर देश में रामसर स्थलों की कुल संख्या 49 से बढ़कर 54 हो गई थी।
  • उल्लेखनीय है कि झील संरक्षण के संबंध में ईरान के रामसर नगर में वर्ष 1971 में हुई एक अंतर्राष्ट्रीय संधि के आधार पर अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व की वेटलैंड साइट्स की सूची संधारित की जाती है। विश्व में हो रहे जलवायु असंतुलन और परिवर्तन के दौर में रामसर साइट की भूमिका विश्व के पर्यावरण सुधार में अति महत्त्वपूर्ण है।

रामसर स्थलों के रूप में नामित 10 आर्द्रभूमि

राज्य

आर्द्रभूमि का नाम

क्षेत्रफल (हेक्टेयर)

तमिलनाडु 

कूनथनकुलम पक्षी अभयारण्य

72.04

मन्नार की खाड़ी समुद्री बायोस्फीयर रिज़र्व

52671.88

वेम्बन्नूर वेटलैंड कॉम्प्लेक्स

19.75

वेलोड पक्षी अभयारण्य

77.19

वेदान्थंगल पक्षी अभयारण्य

40.35

उदयमार्थंदपुरम पक्षी अभयारण्य

43.77

ओडिशा

सतकोसिया गॉर्ज

98196.72

कर्नाटक

रंगनाथिट्टू बी एस

517.70

मध्य प्रदेश

सिरपुर आर्द्रभूमि

161

गोवा

नंदा झील

42.01

 

10 आर्द्रभूमि का कुल क्षेत्रफल

1,51,842.41

 

भारत में 64 रामसर स्थलों का कुल क्षेत्रफल (उपर्युक्त 10 और स्थलों के पदनाम के बाद)

12,50,361