इंदौर को स्मार्ट सिटी कॉन्फ्रेंस में मिले 6 अवार्ड | 19 Apr 2022

चर्चा में क्यों?

18 अप्रैल, 2022 को गुजरात के सूरत में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया स्मार्ट सिटीज़ अवार्ड्स कांटेस्ट में इंदौर ने विभिन्न कैटेगरी में 6 अवार्ड हासिल किये। 

प्रमुख बिंदु

  • केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ‘इंडिया स्मार्ट सिटीज़ अवार्ड्स कांटेस्ट, 2020’ में विभिन्न थीम में उल्लेखनीय कार्य करने वाली स्मार्ट सिटीज़ को अवार्ड वितरित किये।
  • इस कॉन्टेस्ट में मध्य प्रदेश ने स्टेट अवार्ड में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और सागर ने भी अवार्ड जीते हैं।
  • इंडिया स्मार्ट सिटीज़ अवार्ड कांटेस्ट (आईएसएसी), 2020 की सभी प्रतियोगिताओं में ओवरआल विनर के रूप में इंदौर के साथ सूरत को चुना गया है, जबकि जबलपुर को तीसरा स्थान दिया गया है। 
  • कल्चर थीम में इंदौर और चंडीगढ़ को संयुत्त रूप से विजेता घोषित किया गया। इसी थीम पर डिजिटल म्यूज़ियम बनवाने पर ग्वालियर को तीसरा स्थान मिला है। इंदौर को हेरिटेज के बेहतर संरक्षण पर यह अवार्ड मिला है।  
  • साथ ही इंदौर को स्वच्छता थीम पर म्युनिसिपल वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम के लिये तिरुपति के साथ संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।  
  • इंदौर को इकोनॉमी थीम पर कार्बन क्रेडिट फाइनेंसिंग मेकैनिज़्म के लिये, बिल्ट एनवायरनमेंट थीम पर छप्पन दुकान के लिये, इनोवेशन अवार्ड में कार्बन क्रेडिट फाइनेंसिंग मेकैनिज़्म तथा सिटी अवार्ड में इंदौर और सूरत को संयुत्त रूप से ओवरऑल विनर का अवार्ड दिया गया। 
  • अर्बन एनवायरनमेंट थीम में संयुक्त रूप से भोपाल और चेन्नई विजेता घोषित हुए। भोपाल को क्लीन एनर्जी में उल्लेखनीय कार्य करने पर यह अवार्ड मिला है। सिटी अवार्ड में राउंड-1 में जबलपुर को तीसरा और राउंड-3 में सागर को दूसरा स्थान मिला है।