इंडियन साइन लैंग्वेज की पाठ्यपुस्तकों का विमोचन | 15 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

14 नवंबर, 2021 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बाल दिवस पर गुरुग्राम के श्रवण एवं वाणी नि:शक्तजन कल्याण केंद्र द्वारा नि:शक्तजनों के लिये तैयार की गई 5वीं कक्षा तक की इंडियन साइन लैंग्वेज की पाठ्यपुस्तकों का विमोचन किया। ऐसी पाठ्यपुस्तकें देश में पहली बार तैयार की गई हैं।

प्रमुख बिंदु

  • 6 वर्ष तक की आयु के तथा पहली से पाँचवी कक्षा तक के मूक-बधिर बच्चों के लिये इस केंद्र ने पाठ्यपुस्तकें तैयार की हैं उससे हरियाणा प्रदेश के साथ देश के श्रवण एवं वाणी नि:शक्तजनों को लाभ होगा। 
  • उल्लेखनीय है कि  देश में मूक-बधिर व्यक्तियों की संख्या लगभग 50 लाख है और हरियाणा में ऐसे लगभग डेढ़ लाख व्यक्ति हैं।
  • इस कल्याण केंद्र में साइन लैंग्वेज के साथ-साथ डिजिटल साइन लैंग्वेज की लैब बनाई गई है जहाँ पर श्रवण एवं वाणी नि:शक्तजनों के लिये 600 से ज़्यादा वीडियो बनाए गए हैं, जिनका प्रयोग कोविड के दौरान हुआ। 
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कल्याण केंद्र के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। इसके अलावा, उन्होंने इस केंद्र को 350 लैपटॉप देने वाली कॉल्ट कंपनी और अर्ली इंटरवेंशन सेंटर के संचालन में सहयोग देने के लिये 2 डिजिटल स्क्रीन तथा 17 स्टॉफ के सदस्य उपलब्ध करवाने वाली बैचटल कंपनी के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया। 
  • हरियाणा राज्य सड़क विकास निगम ने भी इस केंद्र को लगभग 48 लाख रुपए के आईटी उपकरण व 140 टैबलेट उपलब्ध करवाए हैं।