भारत ने AIBD के कार्यकारी बोर्ड की अध्यक्षता की | 26 Aug 2025

चर्चा में क्यों? 

भारत को थाईलैंड के फुकेट में 19 से 21 अगस्त, 2025 तक आयोजित 23वें AIBD सामान्य सम्मेलन के दौरान एशिया-प्रशांत प्रसारण विकास संस्थान (AIBD) के कार्यकारी बोर्ड का अध्यक्ष चुना गया। इससे पहले भारत ने वर्ष 2016 में AIBD कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष का पद संभाला था। 

मुख्य बिंदु  

  • AIBD सामान्य सम्मेलन (GC 2025) के बारे में: 
    • AIBD की 23वीं GC 2025 और संबद्ध बैठकों ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वैश्विक हितधारकों को एकत्र किया, जिसका उद्देश्य नीतिगत चर्चाओं तथा संसाधन साझाकरण के माध्यम से एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एक गतिशील और सहयोगात्मक मीडिया परिदृश्य को बढ़ावा देना था। 
    • भारत AIBD GC का अध्यक्ष है। प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी अगस्त, 2025 तक AIBD GC के अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे। 
  • विषय:  
    • इस वर्ष का विषय था शांति, समृद्धि और जनता के लिये मीडिया” 
  • महत्त्व:  
    • यह प्रसारण के क्षेत्र में भारत के नेतृत्व में वैश्विक विश्वास को उजागर करता है तथा दुनिया भर में मीडिया विकास को आकार देने में भारत के लिये और भी अधिक रणनीतिक तथा प्रभावशाली भूमिका निभाने का मंच तैयार करता है। 

एशिया-पैसिफिक इंस्टीट्यूट फॉर ब्रॉडकास्टिंग डेवलपमेंट (AIBD) 

  • स्थापना: AIBD की स्थापना वर्ष 1977 में UNESCO के मार्गदर्शन में हुई थी, जिसमें भारत एक संस्थापक सदस्य है। 
  • संस्थापक संगठन: इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन (ITU), संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) और एशिया-पैसिफिक ब्रॉडकास्टिंग यूनियन (ABU) संस्थापक संगठन हैं, जो सामान्य सम्मेलन के गैर-मतदान सदस्य हैं। 
  • भारत का प्रतिनिधित्व: भारत का प्रतिनिधित्व प्रसार भारती, जो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की सार्वजनिक सेवा प्रसारक संस्था है, द्वारा किया जाता है। 
  • सदस्यता: यह एक विशिष्ट क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है, जिसमें 45 देशों के 92 से अधिक सदस्य संगठन हैं। 
  • सचिवालय: इसका सचिवालय कुआलालंपुर में स्थित है और इसे मलेशिया सरकार द्वारा संचालित किया जाता है।