मध्य प्रदेश में बनेगा भारत का पहला जियो पार्क | 31 Jan 2022

चर्चा में क्यों?

29 जनवरी, 2022 को जबलपुर से लोकसभा सांसद राकेश सिंह ने बताया कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) ने मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी के तट पर लम्हेटा गाँव में देश के पहले जियो पार्क की स्थापना को मंजूरी दे दी है।

प्रमुख बिंदु

  • इस पार्क की स्थापना मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 35 करोड़ रुपए की लागत से की जाएगी। GSI ने इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिये 1.30 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। 
  • गौरतलब है कि यह स्थल प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के लिये यूनेस्को की भू-विरासत की अस्थायी सूची में पहले से मौजूद है।
  • नर्मदा घाटी में, विशेषरूप से जबलपुर के भेड़ाघाट-लम्हेटा घाट क्षेत्र में कई डायनासोर के जीवाश्म पाए गए थे। 1828 ई. में भारतीय सिविल सेवा अधिकारी विलियम स्लीमैन द्वारा लम्हेटा बेड से पहला डायनासोर जीवाश्म एकत्र किया गया था।
  • भेड़ाघाट जो सफेद संगमरमर की चटेानी संरचना के लिए जाना जाता है, में 15.20 करोड़ रुपये की लागत से एक विज्ञान केंद्र भी बनाया जाएगा, जिसकी लागत केंद्र और राज्य सरकार द्वारा साझा की जाएगी।