केरता शक्कर कारखाना के नवनिर्मित को-जनरेशन पॉवर प्लांट का शुभारंभ | 18 Apr 2023

चर्चा में क्यों?

15 अप्रैल, 2023 को छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने माँ महामाया शक्कर कारखाना केरता में को-जनरेशन पॉवर प्लांट के विद्युत उत्पादन कार्य का स्टार्ट बटन दबाकर विधिवत शुभारंभ किया।   

प्रमुख बिंदु  

  • को-जनरेशन प्लांट के शुभारंभ के साथ ही माँ महामाया शक्कर कारखाना केरता के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। इस प्लांट में 2 मेगावाट विद्युत का उत्पादन को-जनरेशन प्लांट के माध्यम से विक्रय किया जाएगा, जिससे कारखाने के साथ-साथ किसानों को भी फायदा होगा।  
  • माँ महामाया शक्कर कारखाना को विद्युत उत्पादन से हर महीने लगभग एक करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय अनुमानित है। 
  • मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि इस प्लांट के प्रारंभ होने से कारखाना और किसान दोनों को लाभ होगा। कारखाना में सरप्लस बिजली का उपयोग नही हो रहा था, जिसे ध्यान मे रख पॉवर प्लांट की स्थापना के लिये सरकार ने 2 करोड़ रुपए का अनुदान दिया, जिससे प्लांट की स्थापना की गई।  
  • यहाँ एथेनॉल प्लांट लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कारखाना प्रबंधन को महाराष्ट्र के समृद्ध शक्कर कारखानों का भ्रमण अवलोकन वहाँ की प्रबंधन एवं तकनीक को केरता कारखाने में भी लागू करने का सुझाव दिया ताकि यह शक्कर कारखाना किसानों के लिये और अधिक लाभप्रद हो सके।  
  • मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के विकास के साथ किसान हित में लगातार काम कर रही है। प्रदेश में गन्ना, धान, तेंदूपत्ता का सर्वाधिक दाम दिया जा रहा है। वहीं 65 प्रकार का वनोपज और मिलेट्स की खरीदी भी समर्थन मूल्य पर की जा रही है।  
  • मंत्री डॉ. टेकाम ने बताया कि राज्य सरकार जनवरी माह में कवर्धा के शक्कर कारखाना में एथेनॉल प्लांट का शुभारंभ करने जा रही है।  
  • उन्होंने बताया कि इस वर्ष यहाँ पर शक्कर कारखान के रिकवरी 9 प्रतिशत रही, अगर 10 प्रतिशत से ऊपर शक्कर की रिकवरी हो, तो इसका लाभ किसानों को मिलेगा।