पर्यटन मंत्री ने किया जॉर्ज एवरेस्ट से हिमालय दर्शन सेवा का शुभारंभ | 04 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

3 अक्टूबर, 2022 को प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट से हिमालय दर्शन सेवा का विधिवत रूप से उद्घाटन किया। एक सप्ताह के ट्रायल के बाद हिमालय दर्शन सेवा का शुभारंभ किया गया है।

प्रमुख बिंदु 

  • पर्यटन मंत्री ने कहा कि इस हेली सेवा से जहाँ पर्यटकों को नजदीक से हिमालय के दर्शन करने को मिलेंगे। वहीं, प्रदेश की आर्थिकी में भी वृद्धि होगी और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे।
  • उन्होंने कहा कि जल्द ही जॉर्ज एवरेस्ट मसूरी में महान सर्वेयर जॉर्ज एवरेस्ट की स्मृति में संग्रहालय बनकर तैयार हो जाएगा। इस संग्रहालय में भारतीय कार्टोग्राफी के पुरोधा स्वर्गीय नैन सिंह रावत और राधानाथ सिंकदर की प्रतिमाएँ स्थापित करने के साथ ही उनकी उपलब्धियों को रखा जाएगा।
  • पर्यटन मंत्री ने कहा कि एयर स्पोर्ट्स से जुड़ी अन्य कई आकर्षक गतिविधियाँ भी जॉर्ज एवरेस्ट से शुरू की जा रही हैं। इसके लिये पर्यटन विभाग ने ट्रायल के लिये एक प्रतिष्ठित कंपनी से अनुबंध भी किया है।
  • उन्होंने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन प्रेमियों के लिये आकर्षक फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कॉन्टेस्ट का उद्घाटन किया गया है। इसके अंतर्गत पाँच विभिन्न श्रेणियों में फोटो एवं वीडियो ऑनलाइन आमंत्रित किये जा रहे हैं। इस कॉन्टेस्ट के माध्यम से प्रकृति पर्यटन प्रेमियों को 25 लाख रुपए से अधिक के पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे।