उच्च शिक्षा मंत्री ने जी-20 सम्मेलन के दौरान आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया | 14 Feb 2023

चर्चा में क्यों?

13 फरवरी, 2023 को उत्तर प्रदेश में लखनऊ के होटल सेंट्रम, सुशांत गोल्ड सिटी, में आयोजित जी-20 सम्मेलन के दौरान प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु

  • इस प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया की झलक दिखाई गई है। इस सम्मेलन में इलेक्ट्रानिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, टेलीकॉम, जनजातीय मंत्रालय, भारी उद्योग मंत्रालय सहित भारत सरकार के अन्य विभागों एवं संस्थानों के प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए हैं।
  • प्रदर्शनी में राज्य सरकार के आई.टी. एवं इलेक्ट्रानिक्स, पर्यटन एवं संस्कृति, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान सहित अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। वहीं निजी संस्थाओं द्वारा भी अपने डिजिटल स्टॉल लगाए गए हैं।
  • शिक्षा मंत्री ने मापल्स इंडिया द्वारा लोकेशन स्पेशल (जिसके माध्यम से लोकेशन प्राप्त की जाती है), सिविल-20 (जो स्वयं- सेवी संस्थाओं के क्रियाकलापों की जानकारी प्राप्त कर शासन को मुहैया कराता है), मिलेंदराज द्वारा निर्मित खेती ड्रोन (जो 3 फिट की गहराई तक उर्वरकता की जानकारी मुहैया कराता है), माइटी द्वारा डिजिटल एक्सपीरियंस सेंटर (जिसमें डिजिटल प्लेटफार्म्स के द्वारा मानवीय अनुभवों को साझा किया जाता है) आदि के स्टॉलों पर जाकर बारीकी से अवलोकन किया तथा स्टाल संचालकों से विस्तार से उनके स्टॉल से संबंधित जानकारी एवं अनुभव भी प्राप्त किया।