हरियाणा के 20 लाख किसानों को मिली 340 करोड़ रुपए की सम्मान निधि | 18 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

17 अक्टूबर, 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के लगभग 20 लाख किसानों को दो हज़ार रुपए की 12वीं किस्त जारी कर 340 करोड़ रुपए की सम्मान निधि का लाभ दिया।

प्रमुख बिंदु

  • विदित है कि राज्य के किसानों को केंद्र सरकार की ओर से ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ स्कीम के तहत खेती करने के लिये 2018 से आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा इससे पहले 11 किस्तों में हरियाणा के किसानों को 3754.67 करोड़ रुपए की राशि मिल चुकी है।
  • उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि भारत सरकार की महत्त्वपूर्ण योजनाओं में से एक योजना है। इस योजना के अंतर्गत ऐसे छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिनके पास दो हेक्टेयर (4.9 एकड़) से कम भूमि है।
  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि हरियाणा के 97 प्रतिशत किसानों को पीएम किसान योजना का सीधे लाभ मिला है।
  • उन्होंने बताया कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम के तहत सालाना छह हज़ार रुपए दिये जाते हैं। इसका भुगतान दो-दो हज़ार रुपए की तीन किस्तों में किया जाता है। यह पैसा सरकार द्वारा सीधा किसानों के खाते में ट्रांसफर किया जा रहा है।
  • पीएम किसान सम्मान निधि की पहली किस्त फरवरी 2019 में जारी हुई थी। इसके बाद दूसरी किस्त 2 अप्रैल, 2019, तीसरी अगस्त 2019, चौथी किस्त जनवरी 2020, पाँचवीं किस्त 1 अप्रैल, 2020 को जारी हुई। इसी प्रकार छठी किस्त 1 अगस्त, 2020, सातवीं किस्त दिसंबर 2020, आठवीं किस्त एक अप्रैल 2021, नौवीं किस्त 9 अगस्त, 2021, 10वीं किस्त जनवरी 2022, 11वीं किस्त मई 2022 और अब 12वीं किस्त 17 अक्टूबर, 2022 को जारी की गई है।
  • ज्ञातव्य है कि पीएम मोदी ने दीवाली का तोहफा देते हुए देश के 12 करोड़ से अधिक अन्नदाताओं को 16 हज़ार करोड़ रुपए की सम्मान निधि उनके बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की है।