हरियाणा पुलिस ने 'अभेद्य' ऐप लॉन्च किया | 26 Mar 2026
चर्चा में क्यों?
हरियाणा पुलिस ने ‘अभेद्य’ नामक एक अपनी तरह का पहला मोबाइल एप्लीकेशन शुरू किया है, जिसका उद्देश्य धमकी और जबरन वसूली से जुड़े कॉल एवं संदेशों को नागरिकों तक पहुँचने से पहले ही रोकना है, जिससे डिजिटल उत्पीड़न तथा साइबर अपराध के विरुद्ध सार्वजनिक सुरक्षा को मज़बूत किया जा सके।
मुख्य बिंदु:
- परिचय: ‘अभेद्य’ एप्लीकेशन को इस उद्देश्य से शुरू किया गया है कि जबरन वसूली, पीछा करना (Stalking), साइबर उत्पीड़न और अन्य धमकीपूर्ण संचार को उपयोगकर्त्ता तक पहुँचने से पहले ही सक्रिय रूप से रोका जा सके।
- कार्यप्रणाली: यह ऐप अज्ञात नंबरों से आने वाली कॉल और व्हाट्सएप संदेशों की निगरानी करता है। संदिग्ध अंतर्राष्ट्रीय, वर्चुअल या छिपे हुए नंबरों की पहचान कर उन्हें उपयोगकर्त्ता तक पहुँचने से पहले ही स्वतः ब्लॉक या अस्वीकार कर देता है।
- यह धमकीपूर्ण संदेश, वॉयस नोट्स और नोटिफिकेशन को भी हटा देता है, ताकि उपयोगकर्त्ता को मानसिक तनाव या परेशानी से बचाया जा सके।
- कॉल ब्लॉक होने के बावजूद, सिस्टम बैकएंड में ब्लॉक किये गए नंबरों का डेटा सुरक्षित रखता है। इससे पुलिस को पैटर्न का विश्लेषण करने और विकसित हो रहे साइबर खतरों की जाँच को मज़बूत करने में सहायता मिलती है।
- परीक्षण चरण में प्रभाव: हरियाणा पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले दो महीनों में कुल अपराध में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 8% की कमी आई है। जबरन वसूली से जुड़े कॉल में लगभग 40% की गिरावट दर्ज की गई, जो तकनीक-आधारित सक्रिय उपायों के सकारात्मक प्रारंभिक परिणामों को दर्शाती है।
|
और पढ़ें: साइबर अपराध, डिजिटल उत्पीड़न |