40वें भारतीय राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में हरियाणा मंडप | 16 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

14 नवंबर से 27 नवंबर, 2021 तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित किये जा रहे 40वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में हरियाणा मंडप का इस वर्ष का थीम ‘आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर हरियाणा’ है।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि हरियाणा राज्य देश के सर्वाधिक प्रगतिशील राज्यों में शामिल है। हरियाणा प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में हुई उन्नति को एक ‘आदर्श निवेश गंतव्य-अंतहीन अवसर’ के संदेश के साथ हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम के विभिन्न मेगा फूड पार्क, फुटवियर पार्क, आईएमटी व अन्य औद्योगिक क्षेत्रों का विवरण प्रदर्शित किया गया है।
  • हरियाणा मंडप में हरियाणा कृषि एवं व्यवसाय नीति, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग नीति तथा हरियाणा उद्यम एवं रोज़गार नीति, एक खंड-एक उत्पाद, एकीकृत विमानन हब, कौशल विकास प्रशिक्षण के मिशन के रूप में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का विवरण प्रदर्शित किया गया है।
  • मंडप में परिवार पहचान-पत्र योजना का विस्तृत विवरण प्रदर्शित किया गया है। परिवार पहचान-पत्र बनाने वाला हरियाणा देश का प्रथम राज्य है। वॉलंटियर सेवा के विस्तार की दिशा में ‘समर्पण’ कार्यक्रम को शानदार रूप से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही, मंडप में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार का विवरण दर्शाया गया है।
  • विद्युत क्षेत्र में हरियाणा के विद्युत निगमों का लाभ में होने तथा ‘म्हारा गाँव जगमग गाँव’ योजना के परिणामस्वरूप हरियाणा के दस ज़िलों में चौबीस घंटे विद्युत आपूर्ति को दर्शाया गया है। हरियाणा के 5367 गाँवों में 24 घंटे व 1658 गाँवों में 16 घंटे से 18 घंटे विद्युत आपूर्ति का विवरण प्रदर्शित किया गया है।
  • हरियाणा को खेलों के एक हब के रूप में प्रदर्शित किया गया है। ओलंपिक व पैरालंपिक के विजेता खिलाड़ियों को दी गई पुरस्कार राशि व अन्य सुविधाओं का भी विवरण दिया गया है।