हरियाणा के किसानों को मिलीं कई बड़ी सौगातें | 09 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

8 नवंबर, 2021 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए फसल खराब होने पर दी जाने वाली मुआवजा राशि को 12 हज़ार रुपए से बढ़ाकर 15 हज़ार रुपए और 10 हज़ार राशि को बढ़ाकर साढ़े 12 हज़ार रुपए कर दिया है। इसके साथ-साथ इससे नीचे के स्लैब में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की घोषणा भी की है।

प्रमुख बिंदु 

  • सरकार ने हाल ही में यह घोषणा भी की है कि 2 एकड़ भूमि के किसान को फसल बीमा प्रीमियम नहीं भरना पड़ेगा, वहीं 2 से 5 एकड़ भूमि के किसान को राहत देते हुए आधी प्रीमियम राशि सरकार की तरफ से भरने का निर्णय लिया गया है। 
  • 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसान को खुद फसल बीमा करवाना होगा। 
  • मुख्यमंत्री ने करनाल में 263 करोड़ रुपए की लागत से बनी आधुनिक सहकारी चीनी मिल का शुभारंभ भी किया। उन्होंने बताया कि करनाल चीनी मिल की क्षमता को 2200 टीसीडीसी से बढ़ाकर 3500 टीसीडीसी कर दिया गया है। उन्होंने चीनी मिल कर्मचारियों को मिलने वाले 25 रुपए धुलाई भत्ते में तत्काल बढ़ोतरी करते हुए उसे 100 रुपए कर दिया है। 
  • सरकार पराली न जलाने वाले किसानों को 1 हज़ार रुपए प्रोत्साहन राशि दे रही है। इसके अलावा रेड ज़ोन इलाकों में जो पंचायतें पराली न जलाने का सर्टिफिकेट दे रही हैं, उन्हें 10 लाख रुपए की विकास अनुदान राशि भी दी जा रही है।