हरियाणा के भट्टूकलां थाने को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन’अवार्ड | 22 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

19 नवंबर, 2021 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित एक समारोह में भारत के तीन सर्वश्रेष्ठ पुलिस थानों में शामिल फतेहाबाद ज़िले (हरियाणा) के भट्टूकलां पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।  

प्रमुख बिंदु 

  • गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भट्टूकलां थाने को वर्ष 2021 के लिये देश के सर्वश्रेष्ठ तीन पुलिस थानों में सम्मिलित किया था।
  • उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय प्रति वर्ष देश भर के पुलिस स्टेशनों का सर्वेक्षण कर अपराध दर, मामलों की जाँच और निपटान, बुनियादी ढाँचे एवं सार्वजनिक सेवा जैसे मापदंडों के आधार पर पुलिस स्टेशनों का चयन करता है।
  • गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की टीमों ने भट्टूकलां थाने को बिना जानकारी दिये थाने का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र व गाँवों के लोगों से बातचीत कर पुलिस थाना कर्मचारियों व एसएचओ का फीडबैक लिया, जिसमें वे अव्वल आए हैं।