ज्ञानेश कुमार ने IDEA परिषद की अध्यक्षता ग्रहण की | 04 Dec 2025

चर्चा में क्यों?

भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने स्टॉकहोम, स्वीडन में वर्ष 2026 के लिये अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और निर्वाचन सहायता संस्थान (International IDEA) की सदस्य-राष्ट्र परिषद की अध्यक्षता औपचारिक रूप से ग्रहण की।

मुख्य बिंदु

  • पृष्ठभूमि:
    • वर्ष 1995 में स्थापित अंतर्राष्ट्रीय IDEA के वर्तमान में 35 सदस्य देश हैं; संयुक्त राज्य अमेरिका तथा जापान इसके पर्यवेक्षक राष्ट्र हैं। 
    • वर्ष 2003 से इसे संयुक्त राष्ट्र महासभा में पर्यवेक्षक का दर्जा प्राप्त है।
  • साझेदारी:
    • भारत के नेतृत्व में मॉरीशस और मैक्सिको वर्ष 2026 के लिये उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएँगे।
  • वैश्विक मान्यता:
    • यह अध्यक्षता भारत के लिये एक महत्त्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि है, जो भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) को विश्व के सबसे विश्वसनीय, पारदर्शी और नवोन्मेषी चुनाव प्रबंधन निकायों में स्थापित करती है। 
    • भारत, एक संस्थापक सदस्य होने के नाते, IDEA के शासन और लोकतांत्रिक पहलों में निरंतर योगदान देता रहा है।
  • विज़न: 
    • CEC ज्ञानेश कुमार ने आश्वासन दिया कि भारत की अध्यक्षता निर्णायक, महत्त्वाकांक्षी और कार्यान्वयन-उन्मुख होगी। 
    • यह “समावेशी, शांतिपूर्ण, लचीले और स्थायी विश्व के लिये लोकतंत्र” थीम से निर्देशित रहेगी तथा दो मुख्य स्तंभों पर केंद्रित होगी:
      • भविष्य के लिये लोकतंत्र की पुनर्कल्पना,
      • स्थायी लोकतंत्र हेतु स्वतंत्र एवं पेशेवर चुनाव प्रबंधन निकायों का सुदृढ़ीकरण