ग्राम लोक व राजस्थानी भाषा सेवा सम्मान समारोह आयोजित | 12 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

11 नवंबर, 2021 को साहित्य अकादमी, नई दिल्ली और मरूदेश संस्थान, सुजानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में चूरू ज़िले के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, भींवसर में ग्राम लोक और कन्हैया लाल सेठिया राजस्थानी भाषा सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

प्रमुख बिंदु 

  • इस अवसर पर वर्ष 2021 का कन्हैया लाल सेठिया राजस्थानी भाषा सेवा सम्मान अमी संस्थान उदयपुर के अध्यक्ष डॉ. शिवदान सिंह राणावत जोलावास को प्रदान किया गया।  
  • राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गोपाल कृष्ण व्यास इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य अकादमी, नई दिल्ली के राजस्थानी भाषा परामर्श मंडल के संयोजक मधु आचार्य ने की। 
  • इस अवसर पर मधु आचार्य ने कहा कि साहित्य अकादमी, नई दिल्ली राजस्थानी भाषा और साहित्य के लिये महत्त्वपूर्ण कार्य कर रही है और ग्राम लोक का यह आयोजन ग्रामीण अंचलों में राजस्थानी भाषा तथा साहित्य के प्रचार-प्रसार की एक अभिनव पहल है। 
  • उल्लेखनीय है कि राजस्थानी के पितामह कहे जाने वाले महाकवि कन्हैयालाल सेठिया राजस्थानी भाषा के प्रसिद्ध कवि थे। इनको 2004 में पँश्री, साहित्य अकादमी पुरस्कार तथा 1988 में ज्ञानपीठ के मूर्तिदेवी साहित्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। 
  • कन्हैयालाल सेठिया राजस्थानी भाषा के महान रचनाकार होने के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानी, सामाजिक कार्यकर्त्ता, सुधारक, परोपकारी और पर्यावरणविद् भी थे।