वैश्विक वन संसाधन मूल्यांकन 2025 | 25 Oct 2025

चर्चा में क्यों?

भारत ने वैश्विक वन संसाधन मूल्यांकन (FRA) 2025 के अनुसार कुल वन क्षेत्र के मामले में विश्व में नौवें स्थान पर पहुँचकर पर्यावरण संरक्षण में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। यह रिपोर्ट खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO)  द्वारा बाली, इंडोनेशिया में जारी की गई है। 

  • यह पूर्व में हुए मूल्यांकन में दसवें स्थान से सुधार को दर्शाता है और देश के सतत् वन प्रबंधन के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।

मुख्य बिंदु

  • परिचय: वैश्विक वन संसाधन मूल्यांकन (FRA), जिसे FAO द्वारा संचालित किया जाता है, विश्व के वन संसाधनों का एक व्यापक अवलोकन प्रस्तुत करता है, जिसमें उनकी स्थिति, प्रबंधन और उपयोग शामिल हैं। यह देशों द्वारा प्रस्तुत डेटा पर आधारित होता है, जिसे विशेषज्ञ समीक्षा प्रक्रिया के माध्यम से सत्यापित किया जाता है।
  • भारत के संबंध में निष्कर्ष:
    • रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत का कुल वन क्षेत्र लगभग 72.73 मिलियन हेक्टेयर है, जिससे देश विश्व में नौवें स्थान पर है।
    • वार्षिक वन क्षेत्र वृद्धि के मामले में भारत अभी भी दुनिया में तीसरे स्थान पर है, जो उसके बड़े पैमाने पर वनीकरण और संरक्षण पहलों की सफलता को दर्शाता है।
    • FAO रिपोर्ट में भारत के कृषि-वानिकी (एग्रोफॉरेस्ट्री) क्षेत्र को भी उजागर किया गया है। 91 देशों में 55.4 मिलियन हेक्टेयर एग्रोफॉरेस्ट्री भूमि में भारत और इंडोनेशिया मिलकर लगभग 70% वैश्विक कुल का प्रतिनिधित्व करते हैं।
      • केवल भारत में 12.87 मिलियन हेक्टेयर भूमि एग्रोफॉरेस्ट्री में है, जो कार्बन संग्रहण, आजीविका सृजन और पारिस्थितिकी तंत्र पुनर्स्थापन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
  • वैश्विक रुझान:
    • FRA 2025 के अनुसार, वर्तमान में विश्व के वन लगभग 4.14 बिलियन हेक्टेयर क्षेत्र में विस्तृत हैं, जो पृथ्वी की कुल भूमि क्षेत्र का लगभग एक-तिहाई है।
    • रिपोर्ट में वैश्विक स्तर पर वनोन्मूलन (वनों की कटाई) की दर में कमी देखी गई है, हालाँकि वर्तमान दर प्रतिवर्ष 10.9 मिलियन हेक्टेयर अभी भी अधिक है।
    • अब विश्व के आधे से अधिक जंगल दीर्घकालिक प्रबंधन योजनाओं के तहत हैं और लगभग 20% वन कानूनी रूप से स्थापित संरक्षित क्षेत्रों में आते हैं।
    • वैश्विक स्तर पर रूस सबसे ऊपर है, जिसका वन क्षेत्र 832.6 मिलियन हेक्टेयर है, इसके बाद ब्राज़ील, कनाडा, अमेरिका और चीन का स्थान है।