गिरिराज सिंह ने दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन का उद्घाटन किया | 02 Mar 2026
चर्चा में क्यों?
गिरिराज सिंह, केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने भिवानी के एक कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने वस्त्र, परिधान और तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में भारत को वैश्विक केंद्र बनाने की देश की महत्त्वाकांक्षाओं को रेखांकित किया।
मुख्य बिंदु:
- सम्मेलन और स्थान: 'एडवांस्ड टेक्सटाइल स्ट्रक्चरल कंपोजिट्स एंड जियोसिंथेटिक्स' पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (ATSCG-2026) हरियाणा के भिवानी स्थित टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंसेज (TIT&S) में आयोजित किया गया।
- फोकस: TIT&S द्वारा PHD चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में उन्नत वस्त्र कंपोजिट और जियोसिंथेटिक्स में उभरते रुझानों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
- सरकारी सहायता: इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (NTTM) के तहत वस्त्र मंत्रालय का समर्थन प्राप्त हुआ।
- रणनीतिक सहयोग: तकनीकी वस्त्र क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास (R&D) को मज़बूत करने के लिये अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों के साथ कई समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किये गए।
- वैश्विक भागीदारी: इसमें 14 देशों के विशेषज्ञों ने भाग लिया और एयरोस्पेस, रक्षा और बुनियादी ढाँचा अनुप्रयोगों के लिये नवीन डिज़ाइनों पर ज्ञान साझा किया।
- वित्तीय आवंटन: मंत्री ने वस्त्र उद्योग को अपग्रेड करने और R&D को बढ़ावा देने के लिये केंद्र सरकार द्वारा ₹1,500 करोड़ के अतिरिक्त आवंटन पर प्रकाश डाला।
- बाज़ार का विज़न:
- वैश्विक निर्यात: वर्तमान में वैश्विक वस्त्र निर्यात का मूल्य $800 बिलियन है, जिसमें तकनीकी वस्त्रों की हिस्सेदारी $200 बिलियन है।
- भारतीय खपत: भारत में कंपोजिट सामग्री की खपत वर्तमान में 300 ग्राम प्रति व्यक्ति के निचले स्तर पर है, जबकि उन्नत देशों में यह 11 किलोग्राम है।
- PLI योजना: उच्च मूल्य वाले उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये PLI योजना के तहत इस क्षेत्र को कुल ₹10,500 करोड़ आवंटित किये गए हैं।
| और पढ़ें: PLI योजना, राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन |