‘गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान’ | 14 Oct 2021

चर्चा में क्यों?

13 अक्टूबर, 2021 को दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ‘प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मिंटो हॉल, भोपाल से वर्चुअली सम्मिलित हुए।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रगति मैदान दिल्ली से मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी के लिये ‘पी.एम. गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान’ का शुभारंभ किया।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकास के इस महाअभियान में मध्य प्रदेश पूरी ताकत से जुटेगा। उन्होंने मध्य प्रदेश को तत्काल पी.एम. गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान से जोड़ने का फैसला लिया।
  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मिंटो हाल में राज्यस्तरीय ‘कॉन्फ्रेंस ऑन मल्ट इंफ्रास्ट्रक्चर कनेक्टिविटी’ का शुभारंभ भी किया। 
  • ज्ञातव्य है कि गति शक्ति एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो एकीकृत योजना और बुनियादी ढाँचा कनेक्टिविटी परियोजनाओं के समन्वित कार्यान्वयन के लिये रेल और सड़क मार्ग सहित 16 मंत्रालयों को एकसाथ लाएगा। मूलत: गति शक्ति में 200 प्रकार के डाटाबेस होंगे, जिसमें जीआईएस प्राणाली द्वारा भौतिक सुविधाओं, ज़िला प्रशासन कार्यालयों, रेल, सड़क और गैस लाइनों, स्वास्थ्य और पुलिस जैसी सुविधाओं के साथ जल निकायों, आरक्षित पार्कों तथा वनों जैसे संसाधनों की मैपिंग की जाएगी।
  • इसके माध्यम से विभिन्न केंद्रीय मंत्रालय एवं राज्य सरकारें बेहतर लॉजिस्टिक योजनाओं और कनेविटी से लाभान्वित हो सकेंगी।