राजकीय महाविद्यालयों में हुआ गांधी साहित्य एवं दर्शन कॉर्नर का उद्घाटन | 20 Jan 2023

चर्चा में क्यों?

19 जनवरी, 2023 को राजस्थान के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा राज्य मंत्री तथा चूरू ज़िला प्रभारी मंत्री बृजेंद्र सिंह ओला तथा ज़िला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने ज़िले के सरदारशहर मुख्यालय पर राजकीय एस बी डी कॉलेज एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय में प्रभा खेतान फाउंडेशन के सहयोग से गांधी साहित्य एवं दर्शन कॉर्नर का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु 

  • प्रभारी मंत्री बृजेंद्र सिंह ओला ने गांधी दर्शन पर विचार व्यक्त करते हुए बताया कि समय के साथ-साथ गांधी के विचार अधिक प्रासंगिक होते जा रहे हैं। गांधी ने दुनिया को सत्याग्रह नामक हथियार दिया और साबित किया कि बिना हिंसा के भी जीवन का कोई भी युद्ध लड़ा जाना संभव है।
  • उन्होंने बताया कि गांधी साहित्य एक मार्गदर्शक है। जीवन में साधन और साध्य दोनों पवित्र होने चाहिये। गांधी जी के दिखाए रास्ते पर चलते हुए सभी को सत्य और अहिंसा का पालन करना चाहिये।
  • राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष और महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के ज़िला संयोजक दुलाराम सहारण ने प्रभा खेतान फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि गांधी दर्शन जीवन का पथ प्रेरक है और अशांति और हिंसा के इस माहौल में अहिंसा और शांति का वातावरण स्थापित करने में गांधी साहित्य एवं दर्शन कॉर्नर अत्यंत उपयोगी साबित होंगे।
  • उन्होंने कहा कि राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा भी बेहतर रूप से संचालित होने वाले कॉर्नर में पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी क्योंकि गांधी साहित्य की किताबें व्यक्तित्व का निर्माण करती हैं।