नि:शुल्क राशन वितरण महाअभियान का शुभारंभ | 13 Dec 2021

चर्चा में क्यों?

12 दिसंबर, 2021 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत नि:शुल्क राशन वितरण महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 10 लाभार्थियों को नि:शुल्क राशन वितरित किया।

प्रमुख बिंदु 

  • ज्ञातव्य है कि इस महाअभियान के तहत प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को 80,000 राशन की दुकानों के माध्यम से दिसंबर, 2021 से मार्च, 2022 तक नि:शुल्क राशन वितरित किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो योजना लागू की जा रही है, उसमें प्रत्येक अंत्योदय कार्डधारक को नि:शुल्क अनुमन्य खाद्यान्न के साथ ही 1 लीटर खाद्य तेल, 1 किलो नमक, 1 किलो दाल व 1 किलो चीनी उपलब्ध कराई जा रही है।
  • इसी प्रकार प्रत्येक पात्र गृहस्थी कार्डधारक को अनुमन्य खाद्यान्न के साथ ही नि:शुल्क 1 लीटर खाद्य तेल, 1 किलो नमक तथा 1 किलो दाल उपलब्ध कराई जा रही है।
  • गौरतलब है कि वर्ष 2020 में माह अप्रैल से नवंबर तक ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’के तहत उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ ज़रूरतमंदों सहित देश के 80 करोड़ पात्र लोग लाभान्वित हुए थे। वर्ष 2020 में राज्य सरकार ने भी अप्रैल से जून तक तीन माह नि:शुल्क खाद्यान्न वितरित किया था, जिससे प्रदेश के 15 करोड़ लोगों का लाभ प्राप्त हुआ। 
  • वर्ष 2021 में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान भी मई, 2021 (रामनवमी) से दीपावली (7 माह) तक केंद्र सरकार ने नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण की योजना लागू की थी। इसी तरह प्रदेश सरकार ने भी अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को जून, जुलाई तथा अगस्त, 2021 तक नि:शुल्क खाद्यान्न वितरित किया। 
  • प्रत्येक ज़रूरतमंद को राशन प्राप्त हो, इस दृष्टि से इस वृहद् खाद्यान्न वितरण योजना का पुन: शुभारंभ कर दीपावली से होली तक आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।