उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के चार सदस्यों ने ली शपथ | 28 Oct 2021

चर्चा में क्यों?

27 अक्तूबर, 2021 को लखनऊ के विधानभवन में आयोजित एक समारोह में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चार नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई। नए पदाधिकारियों में पूर्व कॉन्ग्रेस नेता जितिन प्रसाद भी शामिल हैं।

प्रमुख बिंदु

  • जितिन प्रसाद के अलावा, निषाद (निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल) पार्टी के प्रमुख संजय निषाद, चौधरी वीरेंद्र सिंह गुर्जर और गोपाल अंजन भुर्जी को विधानपरिषद के अध्यक्ष कुंवर मानवेंद्र सिंह ने शपथ दिलाई। इन चार सदस्यों को सितंबर में उत्तर प्रदेश विधायिका के उच्च सदन के लिये नामित किया गया था।
  • विदित हो कि निषाद पार्टी ने 2017 का विधानसभा चुनाव डॉ. मोहम्मद अयूब के नेतृत्व वाली पीस पार्टी के साथ गठबंधन में 72 सीटों पर लड़ा था और भदोही के ज्ञानपुर निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार विजय मिश्रा ने जीत हासिल की थी।
  • उत्तर प्रदेश विधानपरिषद में कुल 100 सीटें हैं, जिनमें समाजवादी पार्टी के सर्वाधिक 48 और भाजपा के 33 सदस्य हैं। शेष सदस्य अन्य पार्टियों के हैं।