हरियाणा के पाँच खिलाड़ियों को मिला अर्जुन अवॉर्ड | 02 Dec 2022

चर्चा में क्यों?

30 नवंबर, 2022 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2022 समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा देश के 25 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इनमें हरियाणा के पाँच खिलाड़ी भी शामिल हैं।

प्रमुख बिंदु

  • हरियाणा के जिन पाँच खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है, उनमें शामिल हैं- मुक्केबाज अमित पंघाल, एथलीट सीमा पूनिया, कुश्ती खिलाड़ी अंशु मलिक व सरिता मोर और बैडमिंटन के पैरा खिलाड़ी तरुण ढिल्लों।
  • अमित पंघाल की जगह उनकी माँ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों से यह पुरस्कार ग्रहण किया।
  • उल्लेखनीय है कि भारत में सबसे पुराना राष्ट्रीय खेल पुरस्कार अर्जुन पुरस्कार है। वर्ष 1961 में इसकी शुरुआत हुई थी। खेल में अपनी उत्कृष्टता के लिये खेल हस्तियों को समर्पित यह पुरस्कार खेल रत्न के बाद दूसरा सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार है। यह पुरस्कार बेहतरीन प्रदर्शन, लीडरशिप क्वालिटी, खेल भावना और अनुशासन के लिये दिया जाता है।
  • अर्जुन पुरस्कार में 15 लाख रुपए का नकद पुरस्कार, एक काँस्य प्रतिमा और सम्मान पत्र दिया जाता है।