छत्तीसगढ़ में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुआ एफजीआर पोर्टल | 22 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

21 जुलाई, 2022 को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं मौसम आधारित फसल बीमा के संबंध में किसानों की शिकायतों की ऑनलाइन सुनवाई एवं निदान के लिये तैयार किया गया किसान शिकायत निवारण (एफ.जी.आर.) पोर्टल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य में लॉन्च किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी रितेश चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सी.एस.सी. डॉ. दिनेश कुमार त्यागी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एफजीआर पोर्टल के बीटा वर्जन का छत्तीसगढ़ में शुभारंभ किया।
  • शिकायतों के निदान में इस पोर्टल की उपयोगिता और मूल्यांकन के बाद यह देश के सभी राज्यों में लागू किया जाएगा। इस पोर्टल के शुरू होने से अब किसानों को फसल बीमा संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिये किसी कार्यालय और अधिकारी का चक्कर काटने की ज़रूरत नहीं होगी, न ही लिखित में आवेदन देना होगा।
  • किसान टोल-फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसका निदान तत्परता से किया जाएगा। किसान अपनी शिकायतों के निदान की जानकारी भी पोर्टल के ज़रिये प्राप्त कर सकेंगे।
  • देश में सबसे पहले छत्तीसगढ़ राज्य में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लॉन्च किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य का इस पोर्टल के पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयन राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धियों को देखते हुए किया गया है।
  • गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य फसल बीमा के क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में से एक है। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने अपने किसानों को रबी सीजन 2022 के फसल बीमा दावा राशि का भुगतान देश में सबसे पहले किया है। वर्ष 2021-22 में 5 लाख 66 हज़ार किसानों को 1063 करोड़ रुपए की बीमा दावा राशि का भुगतान किया गया था।