बिहार में इथेनॉल के लिये मक्का उत्पादन पर ज़ोर, 100 फीसदी हाइब्रिड बीज लगाने का लक्ष्य | 28 Oct 2023

चर्चा में क्यों? 

26 अक्तूबर, 2023 को बिहार कृषि विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने इथेनॉल का उत्पादन बढ़ाने के लिये प्रदेश में मक्के का रकबा बढ़ाने का फैसला किया है। सरकार की योजना सभी ज़िलों में मक्के की खेती पर ज़ोर देना और 100 फीसदी हाइब्रिड बीज लगाना है। 

प्रमुख बिंदु   

  • बिहार कृषि विभाग के अनुसार, राज्य के सभी 38 ज़िलों में मक्का की खेती का क्षेत्र विस्तार करने की सरकार की योजना है। ज़्यादातर उत्तर और पूर्वी मैदानी क्षेत्रों के किसानों के द्वारा सबसे अधिक मक्के की खेती की जाती है।   
  • विदित हो कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में पटना में बिहार के चौथे कृषि रोडमैप (2023-2028) का शुभारंभ किया था, जिसमें इथेनॉल को बढ़ाने पर ज़ोर दिया था। इथेनॉल के उत्पादन बढ़ाने में मक्के की बड़ी भूमिका हो सकती है।  
  • बिहार सरकार ने रबी के मौसम में सर्वाधिक उत्पादन प्राप्त करने के उद्देश्य से हाइब्रिड मक्के ‘संकर’बीज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। रबी में मक्के के बीज का 100 प्रतिशत हाइब्रिड बीज लगाने की तैयारी है। किसानों को इसके लिये बीज पर अनुदान के अलावा अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। 
  • बिहार कृषि विभाग के अनुसार, राज्य में इस बार 1.50 लाख एकड़ क्षेत्र में मक्का की खेती का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें लगभग 12 हज़ार क्विंटल तक मक्का उत्पादन का भी लक्ष्य तय किया जाएगा।   
  • कृषि विभाग ने सभी कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विश्वविद्यालय, किसान सलाहकार एवं कृषि समन्वयक को किसानों को जागरूक करने का भी निर्देश दिया है।