डिजिटल हरियाणा विधानसभा का उद्घाटन | 09 Aug 2022

चर्चा में क्यों?

8 अगस्त, 2022 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने डिजिटल हरियाणा विधानसभा के पहले सत्र का तथा पहली बार टैबलेट पर राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (एनईवीए - नेवा) का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि हरियाणा विधानसभा डिजिटल होने वाली देश की तीसरी विधानसभा है। अब इसका सारा काम ई-विधानसभा के माध्यम से होगा।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि 2020 में हरियाणा को डिजिटल क्षेत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार मिला है, इसके अलावा केंद्र सरकार से प्राप्त 150 में से 100 पुरस्कार डिजिटल क्षेत्र में ही प्राप्त हुए हैं।
  • उद्घाटन सत्र के दौरान सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एप्लिकेशन के माध्यम से विधानसभा के सदस्य प्रश्नोत्तर, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, तारांकित और अतारांकित प्रश्न, विधानसभा के ऑडियो और वीडियो का ट्रैक रख सकते हैं। विधायक इस एप्लिकेशन का उपयोग न केवल मोबाइल पर बल्कि कंप्यूटर पर भी कर सकते हैं।
  • मुख्यमंत्री ने बताया कि नेवा एप्लिकेशन सिर्फ विधायकों के लिये बनाई गई है। सभी विधायकों को पहले एक ही पासवर्ड दिया जाता है, लेकिन बाद में सभी को अपना गुप्त पासवर्ड बनाना होगा और सावधानी से इसका इस्तेमाल करना होगा।
  • उन्होंने कहा कि इसके अंदर विधानसभा के कार्यों के साथ-साथ क्षेत्र के विकास की जानकारी भी अपडेट की जाएगी। इससे विधायक यह जान सकेंगे कि उनके क्षेत्र में कितने विकास कार्य हुए हैं, उनके क्षेत्र में सरकार द्वारा कितनी राशि खर्च की गई है। यह जानकारी आम जनता भी विधायकों के माध्यम से आसानी से प्राप्त कर सकेगी।
  • विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि हरियाणा ई-विधानसभा के गठन से एक नई क्रांति की शुरुआत हुई है। इसके दूरगामी परिणाम होंगे। हरियाणा ने प्राथमिकता के आधार पर विधानसभा को डिजिटाइज करने का कार्य किया है।
  • उन्होंने कहा कि विधानसभा के पेपरलेस होने से सालाना साढ़े पाँच करोड़ रुपए की बचत होगी, जो पर्यावरण संरक्षण के लिये भी लाभदायक होगी।