स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में देहरादून नगर निगम को देश में 69वीं रैंक | 03 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

2 अक्टूबर, 2022 को देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड के निकायों में पिछली बार की अपेक्षा अच्छा प्रदर्शन करते हुए देहरादून नगर निगम ने देश में 69वीं रैंक प्राप्त की है।

प्रमुख बिंदु 

  • मेयर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि स्वच्छता रैंकिंग में नगर निगम देहरादून का प्रदर्शन साल-दर-साल सुधर रहा है। बेहद सीमित संसाधनों के बाद भी देहरादून नगर निगम पिछली बार की तुलना में 13 अंकों की छलांग लगाते हुए उत्तराखंड के शहरों में भी प्रथम स्थान पर है।
  • विदित है कि वर्ष 2021 में देहरादून की देशभर में 82वीं रैंक थी। अबकी बार 13 अंकों की छलांग लगाते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। वर्ष 2019 से देहरादून नगर निगम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। 2019 में देहरादून नगर निगम को देशभर में 384वाँ स्थान मिला था, जबकि वर्ष 2020 में 124वाँ, 2021 में 84वाँ और वर्ष 2022में 69वाँ स्थान प्राप्त हुआ है।
  • हिमालयी राज्यों में गारवेज फ्री सिटी में देहरादून नगर निगम देशभर में एकमात्र शहर रहा। पूरे हिमालयी राज्यों में केवल दून शहर ही ऐसा है, जो देशभर के गारवेज सिटी शहरों में शामिल हुआ है। देहरादून को इसमें तीन स्टार मिले हैं।