दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना | 10 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

8 मार्च, 2022 को मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दीनदयाल अंत्योदय योजना के द्वितीय चरण में 26 फरवरी, 2021 से अभी तक एक करोड़ भोजन थाली का वितरण किया जा चुका है।

प्रमुख बिंदु 

  • मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कोविड महामारी की दूसरी लहर के दौरान 12 अप्रैल से 27 जून, 2021 तक लागू लॉकडाउन में 27 लाख 19 हज़ार लोगों को रसोई केंद्रों से भोजन कराया गया। रसोई केंद्रों से भोजन का वितरण सतत् जारी है।
  • उल्लेखनीय है कि राज्य के गरीब एवं ज़रूरतमंद व्यत्तियों को सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 फरवरी, 2021 को दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना (द्वितीय चरण) प्रारंभ की गई थी। इसमें प्रदेश के 52 ज़िला मुख्यालयों एवं 6 धार्मिक नगरी- मैहर, ओंकारेश्वर, महेश्वर, अमरकंटक, ओरछा और चित्रकूट में 100 रसोई केंद्रों का संचालन आरंभ किया गया है।
  • रसोई केंद्र में जन-सामान्य को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन के रूप में रोटी, मौसमी सब्ज़ी, दाल एवं चावल उपलब्ध कराया जाता है। रसोई केंद्रों में प्रतिदिन प्रति व्यक्ति दोपहर के भोजन की व्यवस्था 10 रुपए प्रति थाली की दर से सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जा रही है।
  • रसोई केंद्रों में उपयोग में आने वाले खाद्यान्न गेहूँ एवं चावल एक रुपए प्रति किग्रा. की दर से उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से खाद्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाता है।